उत्तर प्रदेश के जिला मुजफ्फरनगर में यूपी-उत्तराखंड सीमा पर रविवार देर शाम दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। बाइक सवार हमलावरों ने घर के दरवाजे पर पिता और बेटे पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। हत्या की वजह करीब एक साल पहले हुए मोनू हत्याकांड से जुड़ी पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मामला दो राज्यों की सीमा पर होने के कारण घटनास्थल के अधिकार क्षेत्र को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल मुजफ्फरनगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हत्यारों की तलाश में चार टीमें लगाई गई हैं।
मृतकों की पहचान मुख्तियार और उनके बेटे सुखजिंदर के रूप में हुई है। दोनों उत्तराखंड के निवासी बताए गए हैं। वारदात पुरकाजी थाना क्षेत्र के यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर स्थित दादूपुर गांव में हुई। रविवार देर शाम बाइक सवार हमलावर मुख्तियार के घर पहुंचे और गेट पर ही पिता-पुत्र को निशाना बनाकर गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। गोली लगने से दोनों जमीन पर गिर पड़े, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
घर के गेट पर बरसाईं गोलियां
फायरिंग की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुरकाजी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और हमलावरों की पहचान के लिए जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: फतेहपुर में ट्रक से टकराई स्लीपर बस, कंडक्टर समेत 2 की मौत, 15 यात्री घायल
एक साल पुराने मोनू हत्याकांड से जुड़ रही रंजिश
पुलिस की शुरुआती जांच में दोहरे हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले मोनू की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड के बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि उसी हत्या का बदला लेने के लिए मुख्तियार और उनके बेटे सुखजिंदर को निशाना बनाया गया। पुरकाजी थाने के एक हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और वारदात में शामिल लोगों की तलाश में जुटी है।
UP या उत्तराखंड, किस राज्य की सीमा में हुआ हत्याकांड?
दादूपुर गांव उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर बसा है। वारदात की जानकारी मिलने पर मुजफ्फरनगर और हरिद्वार दोनों जिलों की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतकों के आधार कार्ड, वोटर आईडी, बिजली बिल और राशन कार्ड उत्तराखंड के मिले। शुरुआती पड़ताल में घटनास्थल उत्तराखंड की सीमा में होने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद होगी।इसी वजह से घटनास्थल के अधिकार क्षेत्र को लेकर पेच फंस गया है। हालांकि मृतक परिवार ने मुजफ्फरनगर पुलिस पर भरोसा जताते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल यूपी पुलिस जांच कर रही है। यदि राजस्व रिकॉर्ड में घटनास्थल उत्तराखंड की सीमा में पाया जाता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई संबंधित राज्य की पुलिस को सौंपी जा सकती है।
यह भी पढ़ें: 3 शादियां, लाखों की लूट और चौथा शिकार, कानपुर में पकड़ी गई लुटेरी दुलहन
SSP मौके पर पहुंचे, हत्यारों की तलाश में चार टीमें गठित
दोहरे हत्याकांड की सूचना पर मुजफ्फरनगर के एसएसपी सूरज कुमार राय घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। हत्याकांड के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं।एसएसपी के मुताबिक, 22 नवंबर को डायल 112 के माध्यम से दादूपुर गांव में गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस, सीओ सदर और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपियों के पक्ष के एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पीड़ित पक्ष के कुछ लोग जमानत पर थे। प्रथम दृष्टया बदले की भावना से पिता-पुत्र की हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और फरार हमलावरों की तलाश जारी है।
