मेडिकल की परीक्षा नीट-यूजी 2026 के री एग्जाम 21 जून को संपन्न हो गए। मगर, 3 मई को हुई परीक्षा और उसके पेपर लीक के बाद देशभर के छात्र टूट गए हैं। कई छात्र आत्महत्या कर चुके हैं। इसी कड़ी में नीट एग्जाम की तौयारी कर रहे एक और छात्र ने आत्महत्या कर ली है।
महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में नीट-यूजी की तैयारी कर रहे छात्र सुशील ढागे ने कुएं में कूदकर जान दे दी। छात्र के सुसाइड करने से पूरे परिवार के ऊपर पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें: कोलकाता गोदाम में अबतक 11 की मौत, मलबे में कईयों के दबे होने की आशंका
मौत से पहले 33 सेकेंड की वीडियो बनाई
सुसाइड करने वाले छात्र का नाम सुशील ढागे है। सुशील ढागे ने सुसाइड करने से पहले अपनी मां के लिए 33 सेकेंड का वीडियो बनाया है। इस वीडियो में ढागे ने मां से भावुक अपील की है।
'मां मैं अपनी जान देने जा रहा हूं'
सुशील ढागे ने सुसाइड वीडियो में अपनी मां से कहा, 'मां मैं आज अपनी जान देने जा रहा हूं। मां प्लीज बिल्कुल भी चिंता मत करना। अगले जन्म में मैं फिर से तुम्हारी कोख से जन्म लूंगा और तुम्हें इस तरह का दुख नहीं पहुंचाउंगा।'
'मेरी चिंता मत करना'
सुशील ढागे ने आगे कहा, बस मुझे माफ कर देना मां। सुमेध के साथ रहना, मां। अपना अच्छे से ख्याल रखना और मेरी चिंता मत करना। मैं बहुत गहरे दर्द में हूं। मैं कुछ नहीं कर सकता। मुझे अब कुछ समझ नहीं आ रहा। बस मुझे माफ कर देना मां।'
यह भी पढ़ें: 'कागभुशुंडि, तीर-धनुष सब रखा हुआ है...', अब पुजारी शिव दास ने दी सफाई
इससे पहले नीट-यूजी री एग्जाम से एक दिन पहले 20 जून को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक 22 साल के छात्र ने जान दे दी थी। उससे पहले गुजरात के अहमदाबाद और उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी दो उम्मीदवारों ने आत्मघाती कदम उठाया था। गाजियाबाद में खौफनाक कदम उठाने वाले छात्र की पहचान जतिन कुमार के रूप में हुई।


