उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर में जिला महिला अस्पताल से नवजात शिशु चोरी होने का मामला सामने आया है। प्रसव के करीब 12 घंटे बाद एक अज्ञात महिला ने टीका लगवाने के बहाने नवजात को उसके पिता की गोद से ले लिया। इसके बाद महिला ने बच्चे के पिता को टीकाकरण कार्ड लाने के लिए भेज दिया। पिता जब कार्ड लेकर वापस लौटा तो महिला और नवजात दोनों गायब थे। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में सफेद कपड़े पहने एक महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर जाती दिखाई दे रही है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और बच्चे की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।

 

देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुरा कदीम निवासी नाजिम ने अपनी पत्नी शबाना को प्रसव के लिए रविवार को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे शबाना ने बेटे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के बाद परिवार में खुशी का माहौल था।सोमवार दोपहर नाजिम नवजात को लेकर ऑपरेशन थिएटर के पास मौजूद था। इसी दौरान एक अज्ञात महिला उसके पास पहुंची। बातचीत के दौरान महिला ने बच्चे को टीका लगवाने की बात कही और नाजिम की गोद से नवजात को अपनी गोद में ले लिया।

 

यह भी पढ़ें: शादी की रात ही उजड़ गया सुहाग, दुल्हन फर्श पर मिली; फंदे से लटका था दूल्हा

कार्ड लाने भेजा, वापस आया तो बच्चा गायब

महिला ने नाजिम से टीकाकरण कार्ड लाने को कहा। नाजिम कार्ड लेने के लिए वहां से चला गया। कुछ देर बाद जब वह कार्ड लेकर वापस लौटा तो महिला वहां मौजूद नहीं थी और उसकी गोद में मौजूद नवजात भी गायब था।नाजिम ने अस्पताल परिसर में महिला और बच्चे को काफी तलाश किया, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद अस्पताल प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई। नवजात के गायब होने की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने खंगाले अस्पताल के CCTV कैमरे

अस्पताल प्रशासन ने तत्काल जनकपुरी पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।फुटेज में सफेद कपड़े पहने एक महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर जाती दिखाई दे रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर महिला की पहचान और उसके अस्पताल आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अस्पताल परिसर के अलावा आसपास के इलाकों में भी महिला की तलाश की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: ⁠पहले जीता भरोसा, फिर शराब पिलाकर रेता प्रेमिका के पति का गला

अस्पताल की कर्मचारी नहीं है महिला

जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. इंद्रा सिंह ने बताया कि अस्पताल परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे चालू हैं और घटना से संबंधित फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है। फुटेज में दिखाई दे रही महिला अस्पताल की कर्मचारी नहीं है।पुलिस का कहना है कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। नवजात की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और महिला के संभावित ठिकानों के साथ आसपास के इलाकों में भी तलाश की जा रही है।