ओडिशा के ढेंकेनाल जिले में एक महिला के साथ बलात्कार का एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने बलात्कार के बाद पीड़िता के चेहरे को चाकुओं से गोद दिया। महिला अब ढेंकेनाल के ही एक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग से जूझ रही है। महिला नहाने गई थी, तभी उसके साथ यह वारदात हुई है।
महिला रेप के बाद बेहोश हो गई थी। वहीं से एक चरवाहा गुजर रहा था। उसने महिला को देखकर चीख पुकार मचाई। दौड़कर ग्रामीण वहां पहुंचे तो हैरान रह गए। लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची तो उन्होंने महिला को एक ट्रॉली में बैठाया और अस्पताल लेकर पहुंचे।
यह भी पढ़ें: 'पुलिस स्टेशन साफ करो', दलित-आदिवासियों की जमानत पर कोर्ट ने रखी शर्त, अब हंगामा
नहाने के लिए गई थी पीड़िता, वहीं रेप हुआ
महिला सपुआ नदी के पास नहाने के लिए निकली थी। वहीं उसके साथ बलात्कार हुआ। उसके चेहरे पर धारधार हथियार से कई जख्म दिए गए हैं। महिला काफी देर से लापता थी, जिसके बाद घरवालों ने ढूंढना शुरू किया। जब नदी किनारे वह पड़ी मिली तो लोग हैरान रह गए।
महिला वहीं तड़पती रही। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस के लिए फोन किया तो एंबुलेंस भी समय से नहीं पहुंची। महिला को ट्रॉली में लादकर अस्पताल पहुंचाया गया। केस के सामने आने के बाद, राज्य की पुलिस व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस-प्रशासन ने क्या कहा है?
जिले के मुख्य मेडिकल अधिकारी ने कहा है कि केस की छानबीन जारी है। पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही है। अगर इस केस में कोई लापरवाही बरती गई तो कार्रवाई की जाएगी। यह भी कहा गया है कि भापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास एक एबुलेंस पड़ी है। |
महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे SCB मेडिकल कॉलेज शिफ्ट किया गया है। यह अस्पताल कटक में है। महिला की हालत स्थिर है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि महिला की हालत नाजुक है। अगले 72 घंटों में कुछ भी हो सकता है।
यह भी पढ़ें: तपती धूप में जनगणना का काम पड़ा भारी, ओडिशा में 48 घंटे में 2 टीचर की मौत
पुलिस ने क्या बताया है?
पुलिस ने महिला के परिवार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 376, 307 और 326 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव सोनकर ने कहा है कि आरोपी की पहचान हो गई है, उसकी तलाश में 3 टीमें जुटी हैं। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक आरोपी को पकड़ने के लिए टेक्निकल सर्विलांस की मदद ली जा रही है। महिला का बयान दर्ज किया जाएगा और मेडिकल साक्ष्यों को भी जुटाया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने क्या कहा है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुका है। अभी वह गांव से भाग गया है। लोगों ने भापुर बाजार में मंगलवार को प्रदर्शन किया है। लोग उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठा रहे हैं।
