उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के दनकौर इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आाय है। यहां मोबाइल फोन फटने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ, जब युवक गाजियाबाद से दनकौर लौट रहा था। उसकी पैंट की जेब में रखा स्मार्टफोन अचानक गर्म होने लगा और उसमें से धुआं निकलने लगा। युवक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही फोन जोरदार धमाके के साथ फट गया। हादसे में उसके दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए और शरीर के निचले हिस्से में भी गंभीर चोटें आई हैं। इस घटना के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। 

 

रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा 8 अगस्त को हुआ था और पीड़ित युवक की पहचान माजिद के रूप में हुई है। माजिद ने बताया कि वह किसी काम से गाजियाबाद गया था और वापस अपने गांव दनकौर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी पैंट की जेब में रखा मोबाइल बहुत ज्यादा गर्म होने लगा था। उसे समझ नहीं आ रहा था कि ऐसा क्यों हुआ। कुछ ही समय में फोन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट के बाद मोबाइल के टुकड़े आसपास बिखर गए और युवक के कपड़ों में भी आग लग गई।

 

यह भी पढ़ें: पेट में पल रहे बच्चे को मानने से किया इनकार, बीवी को इतना मारा कि हो गया गर्भपात

गंभीर रूप से घायल हुआ युवक

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने युवक की मदद की और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। फोन जेब में होने के कारण धमाके का सीधा असर उसके शरीर पर पड़ा। माजिद के दोनों हाथ झुलस गए, जबकि शरीर के निचले हिस्से में भी गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। परिवार भी घटना के बाद से काफी चिंतित है और सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई है। 

एक महीने पहले ही खरीदा था मोबाइल

इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि माजिद के मुताबिक उसने यह मोबाइल करीब एक महीने पहले ही खरीदा था। रिपोर्ट के अनुसार, उसने ग्रेटर नोएडा के ग्रैंड वेनिस मॉल स्थित डीजी कॉम स्टोर से फोन खरीदा था। माजिद का कहना है कि फोन सामान्य तरीके से काम कर रहा था और इससे पहले उसमें किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा था। अचानक जेब में फोन के फटने के बाद उसने इसकी सुरक्षा और गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।

आखिर क्यों फटा फोन?

फिलहाल यह साफ नहीं है कि मोबाइल में विस्फोट किस वजह से हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन और उसकी बैटरी की तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा। संभावित वजहों में बैटरी में खराबी, शॉर्ट सर्किट, अत्यधिक गर्म होना या कोई अन्य तकनीकी गड़बड़ी शामिल हो सकती है। इसलिए बिना तकनीकी जांच के किसी एक कारण को हादसे की वजह मानना जल्दबाजी होगी।

 

यह भी पढ़ें: 'मैंने भाषण दिया तो स्टेज का शुद्धीकरण कराया गया', खड़गे ने संसद में उठाए सवाल

सुरक्षा पर उठे सवाल

आजकल लगभग हर इंसान मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा है और इस घटना के बाद सभी के मन में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। इस घटना ने मोबाइल फोन की बैटरी और सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब, जब फोन नया बताया जा रहा है और सामान्य इस्तेमाल के दौरान ही जेब में फट गया। अभी इस मामले की जांच जारी है और माजिद का भी इलाज चल रहा है।