राजधानी दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन में ऑनलाइन क्लासेज शुरू की गई हैं। कुछ दिनों पहले कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में एक लड़की के साथ गैंगरेप हुआ था। यह पार्क कॉलेज से सिर्फ 2 किलोमीटर दूर है। इस वजह से लड़कियों की सुरक्षा के लिए कॉलेज प्रशासन ने फैसला लिया कि ऑनलाइन क्लासेज कराई जाएंगी। इसके साथ ही कॉलेज में सभी रेगुलर क्लासेज रद्द कर दी गई हैं।
दिल्ली के कालकाजी मंदिर के आस्था कुंज पार्क में एक 17 साल की लड़की के साथ गैंगरेप हुआ था। गैंगरेप के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मारी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा बाकी 2 आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बन गया। इसी वजह से कॉलेज प्रशासन ने मंगलवार को रेगुलर क्लासेज पर रोक लगा दी।
यह भी पढ़ें: करोड़ों की गाड़ियां और अथाह पैसा, डॉक्टर के घर छापेमारी में निकला खजाना
क्या बोला कॉलेज प्रशासन?
इस फैसले को लेकर कॉलेज की प्रिंसिपल कनिका के अहूजा ने कहा, 'इस घटना का पता चलते ही रेगुलर क्लासेज रद्द करने का फैसला लिया गया। छात्रों की सुरक्षा ही सबसे ज्यादा जरूरी है।' इसके साथ ही प्रिंसिपल ने बताया कि कॉलेज के मेंटर्स और काउंसलर को निर्देश दिया है कि वे छात्रों की मदद के लिए उपलब्ध रहें।
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को रेप के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वह आरोपी लेडी श्रीराम कॉलेज के पिछले गेट के पास पकड़ा गया। इसी वजह से कॉलेज में छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
यह भी पढ़ें: जैनों के त्योहार पर टिफिन में मेथी की सब्जी लाया बच्चा, स्कूल ने लगाया जुर्माना
3 आरोपियों ने किया दुष्कर्म
21 सितंबर को एक नाबालिग लड़की अपनी दोस्त के साथ कालका मंदिर गई थी। दर्शन के बाद लड़की अपने दोस्तों के साथ शाम को 7:30 बजे पार्क में बैठी थी। तभी वहां 3 लड़के आए, जिन्होंने खुद को पुलिस बताया और लड़कियों को धमकाने लगे। इसके बाद तीनों आरोपियों ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया और वहां से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले को पोस्को एक्ट के तहत दर्ज किया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। 22 सितंबर को पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, जबकि बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है।
