दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के मां चरण कौर और पिता बलकौर सिंह पंजाब के मानसा के एसएसपी ऑफिस के बाहर फर्श पर बैठ कर धरना देने लगे। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें उनके बेटे के काम के पैसे उन्हें नहीं मिलने दे रहे हैं और पुलिस बार-बार आने के बाद भी उनकी शिकायत दर्ज नहीं कर रही है।
मूसेवाला के माता-पिता ने 3 डिजिटल मार्केटिंग प्रमोटर्स के खिलाफ पैसे की हेर-फेरी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी, बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वह वन डिजिटल कंपनी और उसके मैनेजर बंटी बैंस के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन जून 2025 से उनकी सुनवाई नहीं हो रही।
यह भी पढ़ें: 'हिमंत को गिरफ्तार करें ताकि अक्ल ठिकाने आए', भड़क गए बदरुद्दीन अजमल
पुलिस पर लगाए आरोप
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा, 'हमें अपने बेटे के काम से होने वाली इनकम से दूर रखा जा रहा है। मैंने बंटी बैंस, गुरप्रीत सिंह भसीन और शब्बीर मोमिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसे जांच के लिए मानसा SSP को भेजा गया था, फिर भी कुछ नहीं हुआ।' बलकौर सिंह ने मानसा पुलिस पर आरोप लगाए कि उन्होंने गैंगस्टरों का साथ दिया है।
पूरा विवाद समझिए
परिवार का आरोप है कि उनके बेटे की मौत के बाद अब उसकी विरासत और उसकी कमाई को हमसे छिना जा रहा है। यह विवाद सिद्धू मूसेवाला के गानों की रॉयल्टी से जुड़ा है। मूसेवाला के बलकौर सिंह और उनकी मां चरण कौर के मुताबिक उन्होंने पुलिस में शिकायत दी थी जिसमें उन्होंने रॉयल्टी हेर फेर समेत अन्य कुछ आरोप लगाए थे। हालांकि, उनका कहना है कि पुलिस ने इस मामले में कोई FIR नहीं दर्ज की और ना ही उन्होंने कोई जांच की।
यह भी पढ़ें: पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश का अलर्ट लेकिन जल्द बढ़ेगी गर्मी
पुलिस पर भड़के
बलकौर सिंह ने कहा कि सीएम साहब को मैं बताना चाहता हूं कि एक साइड आप गैंगस्टरों के खिलाफ प्रहार करते हो। प्रहार कहां करते हो? सीएम का ओएसडी 6 महीने से सारे केस को प्रभावित कर रहा है। क्या फायदा उठाया मैंने सीएम का? हां, सरकार ड्रामे करती है। इज्जतदार सीनियर सिटीजन हैं लेकिन पुलिस के पीछे जाना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी मांगे जायज हैं। उन्होंने कहा कि मेरे बेटे के कारोबार को जानने का मुझे पूरा हक है।
बलकौर सिंह ने मानसा पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मेरी शिकायत अभी तक लिफाफे में रखी है। पुलिस वाले सारी डाक निकाल लेते हैं लेकिन मेरी शिकायत नहीं निकालते। मेरे पास देने के लिए रिश्वत नहीं है। इसके साथ ही उन्होंनेन कहा कि मानसा पुलिस ने सारे गैंगस्टरों को भगा दिया है। सिद्धू की मां ने कहा कि पहले उनके बेटे को मरवा दिया और अब उसकी कमाई पर डाका डाल रहे हैं।
