भोजपुरी फिल्मों के एक्टर और सिंगर पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने अपने परिवार और खानदान से रिश्ता तोड़ने की बात कही है। पवन सिंह ने लिखा कि आज से उनका अपने परिवार और खानदान से कोई रिश्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि वह बहुत दुखी हैं और बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद यह पोस्ट कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपनी मां और बड़े भाई रानू सिंह को इससे अलग रखा है। पवन सिंह ने कहा कि मां और भाई के लिए उनकी जान हमेशा हाजिर है। उन्होंने भोजपुरी समाज से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी है।

 

पवन सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'जब घर के चक्कर में पड़ जालें आदमी, सब वेद शास्त्र भुला जालें आदमी।' यानी आदमी जब घर के चक्कर में पड़ जाता तो उसे वेद शास्त्र नहीं याद रहता। उन्होंने यह भी कहा कि उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से अब कोई रिश्ता नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि परिवार में किस बात को लेकर विवाद हुआ है और उन्होंने यह फैसला क्यों लिया है।

 

पोस्ट में पवन सिंह ने क्या लिखा?

पवन सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'अब बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद बहुत दुखी होकर पोस्ट कर रहा हूं। आप सभी भोजपुरिया समाज से हाथ जोड़कर क्षमा चाहता हूं। बता रहा हूं कि मेरे पूरे परिवार से और खानदान से आज और अभी से मेरा कोई रिश्ता नहीं है। हां, जिसने मुझे पैदा किया है, मेरी मां और मेरा सबसे बड़ा भाई रानू सिंह, उसके लिए जब तक जिंदा हूं, जान हाजिर है। आप सभी के परिवार का एक छोटा सा सदस्य- पवन सिंह।'

 

यह भी पढ़ें: बिहार: अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद से इस्तीफा दिया, नियुक्ति पर था विवाद

ज्योति सिंह से तलाक का मामला

पवन सिंह की निजी जिंदगी में पत्नी ज्योति सिंह के साथ भी काफी समय से विवाद चल रहा है। दोनों की शादी 2018 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई। इसके बाद पवन सिंह ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दी थी। ज्योति सिंह ने भी उनके खिलाफ भरण-पोषण की मांग करते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

 

यह भी पढ़ें: कर्नाटक: मानदेय 2 हजार बढ़ा, फिर भी आशा वर्कर्स का धरना जारी; यूनियन असंतुष्ट

 

दोनों के बीच तलाक का मामला अभी कोर्ट में चल रहा है। यानी पवन सिंह और ज्योति सिंह का कानूनी तौर पर तलाक नहीं हुआ है। पवन सिंह की नई पोस्ट में ज्योति सिंह या तलाक के मामले का कोई जिक्र नहीं है। उन्होंने परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने की बात कही है, लेकिन इसकी वजह नहीं बताई है।