प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर वैशाली पहुंचे। उन्होंने वैशाली में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन किया। इस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा गया है।

 

उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को गमछा पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद वे पुल पर टहलते नजर आए। उन्होंने गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन भी किया। इस दौरान पीएम मोदी ने 21 विभागों की 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनकी कुल लागत 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी , उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत बिहार सरकार के कई मंत्री और नेता मौजूद रहे।


नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बिहार की जनता का आभार जताया और कहा कि इतना विशाल जनसमुदाय विकास के प्रति जागरूकता का जीता-जागता सबूत है। पीएम मोदी ने छठ महापर्व का जिक्र करते हुए कहा कि छठी मैया के आशीर्वाद से आज बिहार में विकास का पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में आए बदलाव की चर्चा की और कहा कि अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा पर बने छह लेन केबल ब्रिज को जनता को समर्पित किया गया है। इस आधुनिक पुल का नाम नीतीश कुमार के सम्मान में नीतीश सेतु रखा गया है। यह बिहारवासियों की तरफ से उनके सेवा और समर्पण का सम्मान है। पुल बनने से पटना और वैशाली के बीच की दूरी और आवागमन की परेशानी कम होगी। किसानों को अपनी फसल, फल, सब्जियां और दूध-दही बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी।

एक साल की उपलब्धियां गिनाईं

पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार अपने कार्यकाल का एक साल पूरा कर रही है। इस अवसर पर लोकतंत्र की धरती वैशाली को चुना गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार के दौरान विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। पहले बिहार में घोटालों और अपराधों की चर्चा होती थी, लेकिन अब निवेश और विकास की बात होती है।

 

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बिहार में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौतों का जिक्र किया। उन्होंने गया में छह हजार करोड़ रुपये की स्टील परियोजना की भी बात कही। पीएम ने बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने की पहल का जिक्र किया।

 

उन्होंने किसानों के लिए नए नलकूप लगाने और सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली देने के फैसले की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार में 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेज शुरू हुए हैं और बेटियों के लिए मां सीता महिला विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई है।

गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र

पीएम मोदी ने गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। बिहार में 43 लाख परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। वहीं, करीब 75 लाख किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की राशि भेजी गई है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के जरिए बिहार की 50 लाख ग्रामीण महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं।

क्या बोले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी?

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज नीतीश सेतु का उद्घाटन हुआ है। कुछ लोग प्रोटोकॉल के तहत पुल पर मुख्यमंत्री की तस्वीर लगाए जाने की बात कर रहे थे, लेकिन मैं कहता हूं कि पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार को लगातार सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा है। वर्ष 2015 में सवा लाख करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया था। वहीं 2024 में विशेष पैकेज के तहत कोसी-मेची लिंक परियोजना, एक्सप्रेसवे और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास के लिए सहायता दी गई। मखाना बोर्ड समेत कई योजनाओं के माध्यम से बिहार को विकास की सौगात मिली है।

 

यह भी पढ़ें: 'JDU का जमीर कब जागेगा', निशांत कुमार के कथित अपमान पर RJD ने उठाए सवाल

रेलवे और सड़क में ऐतिहासिक काम

सम्राट चौधरी ने कहा कि यूपीए शासनकाल में बिहार को रेलवे के लिए दस वर्षों में करीब दस हजार करोड़ रुपये मिलते थे। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज बिहार में रेलवे की एक लाख करोड़ रुपये की योजनाओं पर काम हो रहा है। वहीं सड़क निर्माण के क्षेत्र में करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं।

 

मुख्यमंत्री ने जीएसटी के जरिए बिहार जैसे गरीब राज्यों को मिलने वाले लाभ की भी चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने एसआईआर और चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में एसआईआर के दौरान 65 लाख मतदाताओं के नाम कटने का मुद्दा उठाया गया, लेकिन किसी ऐसे व्यक्ति की पहचान नहीं हुई जिसने यह दावा किया हो कि उसका नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाया गया है।

 

सम्राट चौधरी ने कांग्रेस और आरजेडी पर भी हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष के नेताओं ने प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर अपशब्दों का इस्तेमाल किया। लेकिन बिहार की 14 करोड़ जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है और उनके नेतृत्व में विश्वास करती है।

 

यह भी पढ़ें: बिहार: नल-जल योजना की होगी नियमित निगरानी, शिकायतों के लिए AI का इस्तेमाल

समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार का संकल्प

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार को समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए एनडीए के सभी घटक दलों को मिलकर लगातार काम करना होगा। उन्होंने बिहार की जनता को विकास की इस यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपना संबोधन समाप्त किया। अंत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार की धरती पर आने और विकास योजनाओं की सौगात देने के लिए धन्यवाद दिया।