पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (PMCH) के मेडिसिन ICU में महिला और अस्पताल के कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) के अनुसार, एक महिला अपने पति के साथ ICU में पहुंची थी। महिला खुद को हाईकोर्ट का वकील बता रही थी। वहीं पति ने खुद का जज बताया। आरोप है कि महिला को जब बुजुर्ग गार्ड ने जूते उतारने के लिए कहा तो उसने गार्ड को थप्पड़ मार दिया। इतना ही नहीं महिला ने इसके बाद डॉक्टरों और अस्पताल के अधिकारियों के साथ बदसलूकी भी की। इस दौरान अस्पताल में तोड़फोड़ की भी सूचना मिली है। पुलिस ने जज को सुरक्षा के बीच बाहर निकाला।
घटना के बाद विरोध में JDA ने काम नहीं करने का ऐलान किया है। संगठन ने कहा है कि जब तक डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाएंगे। तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे। इस फैसले के बाद PMCH में मरीजों को परेशानी हो रही है. साथ में इमरजेंसी सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
यह भी पढ़ें: प्रॉपर्टी-इंश्योरेंस का पैसा हड़पना चाहती थी महिला; पति, बेटे, भांजे को दिया जहर
गार्ड को थप्पड़ मारने और दिव्यांग डॉक्टर का मजाक उड़ाने का आरोप
JDA के अनुसार, महिला और उसके पति बिना जूते उतारे मेडिसिन ICU में चले गए थे। इसके बाद वहां तैनात गार्ड ने उन्हें जूते उतारने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर महिला ने गार्ड से बदसलूकी की और उन्हें थप्पड़ मारा। इसके बाद महिला ने ICU में वीडियो बनाना शुरू कर दिया। एक डॉक्टर ने उन्हें वीडियो बनाने से रोका तो महिला ने उनके साथ भी गलत भाषा का इस्तेमाल किया। JDA का आरोप है कि महिला ने दिव्यांग डॉक्टर को लंगड़ा कहकर उनका मजाक उड़ाया और अपमानजनक बातें कहीं।
JDA का कहना है कि घटना की जानकारी कॉलेज प्रशासन को दी गई थी। इसके बाद भी महिला का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि उन्होंने पुरुष और महिला ड्यूटी सुपरिंटेंडेंट के साथ भी बदसलूकी की। इस दौरान एक डॉक्टर का कॉलर पकड़ने की बात भी सामने आई है। महिला ने खुद को हाईकोर्ट की वकील और अपने पति को जज बताकर अपने पद का रौब दिखाने की कोशिश की। इस हंगामे से ICU में भर्ती मरीजों के इलाज पर भी असर पड़ा।
अस्पताल परिसर में गाड़ियों के शीशे तोड़े
विवाद बढ़ने के बाद अस्पताल परिसर में खड़ी जज की गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए शीशे तोड़ दिए। घटना की सूचना मिलने पर पीरबहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जज को सुरक्षा के बीच अस्पताल से बाहर निकाला। दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। ताकि तोड़फोड़ करने वालों की पहचान हो सके।
यह भी पढ़ें: रोहतक में पुलिस चौकी से 50 कदम की दूरी पर गैंगवार में 4 लड़कों की हुई मौत
JDA ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने और मेडिकेयर एक्ट 2011 के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने सुरक्षाकर्मी और डॉक्टर के साथ हुई मारपीट और बदसलूकी की निष्पक्ष जांच कराने को भी कहा है। इसके अलावा ICU, इमरजेंसी और वार्डों में सुरक्षा बढ़ाने, बिना अनुमति वीडियो बनाने पर रोक लगाने की मांग की। इनके साथ डॉक्टरों समेत सभी स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा तय करने की मांग की है। JDA ने CCTV फुटेज और दूसरे सबूत सुरक्षित रखने के साथ ही कॉलेज प्रशासन से डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर लिखित भरोसा देने की मांग भी की है।
