राजस्थान के जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया (25) की हत्या के मामले में नया अपडेट सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के मुख्य आरोपी ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए इस हत्याकांड की साजिश रची थी।

 

पुलिस के अनुसार, हत्या की घटना में इस्तेमाल गाड़ी जब्त कर ली गई है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बृहस्पतिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश गोल्या उर्फ जग्गू (21), कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू (23), युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी उर्फ दीनू (23) के रूप में हुई है। सभी चारों आरोपी जोबनेर के रहने वाले हैं।

क्या बोले पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण?

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी करधनी इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी तलाश शुरू की और पीछा कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

 

उनके अनुसार, वर्ष 2019 में विजय बाजिया और उसके साथियों ने अनीश के पिता कैलाश गोल्या की हत्या कर दी थी। इसके बाद से ही दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। उन्होंने बताया कि वारदात वाले दिन भी विजय और अनीश के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद अनीश ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर विजय की हत्या की योजना बनाई।

 

यह भी पढ़ें: दरभंगा चांदी लूटकांड में BJP नेताओं के नाम का दावा, विपक्ष ने खोला मोर्चा

हत्या से पहले कार से मारी टक्कर

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने हत्या से एक दिन पहले कुल्हाड़ी खरीदी थी। वहीं बुधवार रात चारों ने कैंपर गाड़ी से विजय की फॉर्च्यूनर एसयूवी (SUV) का पीछा किया। करधनी थाना क्षेत्र के जगदंबा नगर के पास पहुंचते ही उसे टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इससे विजय की कार खराब हो गई और वह जान बचाने के लिए कार से उतरकर भागने लगा। तभी आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

 

करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह के अनुसार, मृतक विजय बाजिया जोबनेर थाना क्षेत्र के तिबारियां गांव का रहने वाला था। इतना ही नहीं जोबनेर थाने में वह हिस्ट्रीशीटर भी था। उसके खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में हत्या के दो मामलों सहित कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। वह करीब 10 साल से आपराधिक गतिविधियों में शामिल था और कई गिरोहों के संपर्क में था।