बिहार में जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर सीट से पार्टी के इकलौते विधायक प्रशांत किशोर ने गुरुवार को एक अहम बैठक की। पटना के पुराना सचिवालय में हुई इस बैठक में राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार खुद मौजूद रहे। इनके अलावा परिवहन विभाग, नगर विकास विभाग के सचिव स्तर के अधिकारी और पटना नगर निगम के कमिश्नर समेत कुल 5 वरिष्ठ अफसर बैठक में शामिल हुए। 

 

प्रशांत किशोर की इस बैठक में मुख्य सचिव और डीजीपी जैसे टॉप अफसरों की मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारे में हलचल पैदा कर दी है क्योंकि बिहार में जन सुराज विधानसभा में सिर्फ एक ही सीट जीत पाई है और प्रशांत किशोर खुद उस इकलौते विधायक हैं। ऐसे में कुछ लोग इसे प्रशांत किशोर की आक्रामक राजनीति और बढ़ते प्रभाव का नतीजा बता रहे हैं, तो कुछ इसे किसी बड़ी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं।  

 

यह भी पढ़ें: तुलसीपुर में दो बार सपा को मात, जेबा रिजवान से मिलने पर मजबूर क्यों हुए अखिलेश?

प्रशांत किशोर ने क्या कहा? 

मीडिया से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने बताया कि यह पिछले हप्ते डीजीपी के साथ हुई मुलाकात का फॉलोअप था। इस बार बैठक में पुलिस के साथ दूसरे विभागों से जुड़े मुद्दों पर भी बात हुई है। इनमें टैफिक, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और पेयजल और नशे जैसे मुद्दे शामिल हैं। ट्रैफिक के मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि पटना की ट्रैफिक समस्या सुधारने के लिए अलग-अलग विभागों को साथ लेकर एक वर्कशॉप आयोजित की जाएगी, जिसमें आईआईटी मद्रास जैसे संस्थानों की मदद ली जाएगी और शहर के लिए भविष्य को ध्यान में रखकर एक नई ट्रैफिक योजना बनाई जाएगी।

इसके अलावा, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर सड़क, नाली, गली, वेंडिंग जोन और पार्क जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर निगम के साथ बैठकर इन सभी समस्याओं का हल निकाला जाएगा। इसके अलावा, बांकीपुर सहित पूरे पटना में पानी की समस्या को जल्द सुलझाने पर भी सहमति बनी है। साथ ही पटना में सूखे नशे (ड्रग्स) की समस्या पर भी सरकार से बातचीत हुई।

BJP के गढ़ में सेंध मारकर बने विधायक 

प्रशांत किशोर हाल ही में हुए बांकीपुर उपचुनाव में जीतकर विधायक बने हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को करीब 19 हजार वोटों से हराया। बांकीपुर सीट पिछले 30 साल से भाजपा का गढ़ मानी जाती थी, बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नवीन खुद यहां से 5 बार विधायक रह चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर हारने वाली जन सुराज के लिए यह जीत एक बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला माना जा रहा है। 

 

बताते चलें कि अभी प्रशांत किशोर की पार्टी आगामी एमएलसी चुनाव और बिहार पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी है। इसको लेकर प्रशांत किशोर सितंबर से बिहार यात्रा पर भी निकलने वाले हैं। साथ ही जन सुराज के संगठन का बिहार में विस्तार और नए लोगों को पार्टी से जोड़े जाने का प्लान है।