उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद की शिकोहाबाद पुलिस पर गंभीर बर्बरता के आरोप लगे हैं। दावा किया जा रहा है कि पुलिस चोरी के आरोप में एक युवक को पकड़ने पहुंची थी। इस दौरान टीम ने प्रेग्नेंट महिला के साथ बदसलूकी और मारपीट की है। परिवार का दावा है कि पुलिसकर्मी की लात लगने से महिला की हालत बिगड़ गई। उसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव वालों ने थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP आदित्य लांग्हे ने तत्काल कार्रवाई की है।

 

SSP ने सब-इंस्पेक्टर (SI) धर्मपाल सिंह और सत्यपाल सिंह सहित छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। कार्रवाई की जद में मुख्य कांस्टेबल मोहन सिंह, अरविंद कुमार और कांस्टेबल भवतोष कुमार और कुलदीप कुमार भी आए हैं। ASP (सिटी) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि पहली नजर में लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं। इसी कारण में इन सभी को निलंबित किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: किशाऊ डैम प्रोजेक्ट पर बन गई सहमति! आज गृहमंत्री अमित शाह करेंगे मीटिंग

क्या है पूरा मामला?

पूरा मामला शिकोहाबाद के लभऊआ गांव का है। 13 सितंबर की रात करीब 11:45 बजे SI धर्मपाल सिंह टीम के साथ चोरी के मामले में गौरव नाम के युवक को पकड़ने पहुंचे थे। परिवार वालों ने बताया कि जब पुलिस गौरव को हिरासत में लेकर जाने लगी तो उसकी 28 साल की प्रेग्नेंट पत्नी अंजलि पति को न ले जाने की विनती करने लगी।

 

अंजलि ने जब SI को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उसे पेट में लात मार दी। इस धक्का-मुक्की और चोट के कारण अंजलि जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद भी पुलिस गौरव को ले गई। इधर अंजलि की तबीयत बिगड़ गई। उसे शिकोहाबाद के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

यह भी पढ़ें: 'अटेंप्ट टू मर्डर था, पुलिस गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही?' बाइकर सिया ने उठाए सवाल

गांववालों का आरोप

14 सितंबर को अंजली ने एक बच्चे को जन्म दिया। हालांकि, डिलवरी के बाद स्थिति और अधिक बिगड़ने लगी। परिवार वाले उसे आनन-फानन में फिरोजाबाद के लक्ष्मी फाउंडेशन अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने हिरासत में लिए गए उसके पति गौरव को छोड़ दिया।

 

गांववालों के अनुसार, बच्चे की हालत भी काफी नाजुक बनी हुई है। बच्चे को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया है। देर रात भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।