हिमाचल प्रदेश के ठंडे और स्वच्छ पानी में पलने वाली मछली अब दुनियाभर के बाजारों में अपनी खास पहचान बनाने जा रही है। प्रदेश सरकार का मत्स्य विभाग हिमाचल की मछली को एक अलग ब्रांड नेम देने की तैयारी में जुट गया है। 

 

इस पूरी योजना की शुरुआत ट्राउट फिश से होगी, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य प्रजातियों को भी इस ब्रांडिंग के दायरे में लाया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य के मत्स्य उत्पादन को विदेशों में एक प्रीमियम ब्रांड के रूप में निर्यात करना है।

 

सरकार ने शुरू की संवाद प्रक्रिया

 

इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए मत्स्य विभाग ने स्थानीय मत्स्य सोसायटी और हितधारकों के साथ संवाद प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुरुआती दौर के मंथन में 'हिमालयन फिश' नाम प्रमुखता से सामने आया है, हालांकि अंतिम नाम पर मुहर लगाने के लिए अभी अन्य सुझाव भी लिए जा रहे हैं। ब्रांड का नाम तय होते ही राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय मत्स्य मंत्रालय को आधिकारिक मंजूरी व निर्यात की औपचारिकताओं के लिए पत्र भेजा जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर: प्रसाद खाने के बाद लोगों को हुई उल्टी, 50 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

 

20,005 टन मछली उत्पादन 

 

प्रदेश में मत्स्य पालन न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है, बल्कि रोजगार का भी बड़ा माध्यम है। पिछले वर्ष प्रदेश में कुल 20,005 टन मछली का उत्पादन दर्ज किया गया था, जिसमें केवल ट्राउट फिश का योगदान करीब छह हजार टन रहा।

 

इन बांधों में सबसे ज्यादा उत्पादन

 

हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक मछली उत्पादन गोबिंद सागर झील, पौंग बांध, कोल बांध, चमेरा और रणजीत सागर बांध में होता है। प्रदेश में लगभग 42 हजार लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मत्स्य व्यवसाय में पंजीकृत हैं, जिनमें से 10 हजार से अधिक सक्रिय मछुआरे नियमित रूप से मछली पकड़ने के कार्य से अपनी आजीविका चला रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'ओछी और घटिया सोच, मुझे कुछ नहीं कहना', बृजभूषण पर बाबा रामदेव का पलटवार

 

ट्राउट उत्पादन के प्रमुख केंद्र

 

हिमाचल की नदियों और खड्डों का ठंडा पानी रेनबो और ब्राउन ट्राउट के उत्पादन के लिए आदर्श माना जाता है। जिला कुल्लू की पतलीकूहल, तीर्थन घाटी, सैंज और पार्वती नदी क्षेत्र, मंडी की बरोट घाटी, उहल नदी और लंबाडग खड्ड, चंबा के होली, भरमौर और भंदल क्षेत्र, किन्नौर की सांग्ला घाटी में बास्पा नदी के तट पर स्थित सरकारी व निजी फार्म हैं। इसके अलावा शिमला के रोहड़ू और चिड़गांव में भी ट्राउट मछली पाई जाती है।

 

हिमाचल प्रदेश मत्स्य विभाग के निदेशक ओमकांत ठाकुर ने कहा, 'प्रदेश की मछली को एक ब्रांड के लिए काम किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अलग ब्रांड नेम मिलने से जहां हिमाचल की मछली को नए खरीदार मिलेंगे, वहीं मछुआरों को भी उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा।'