महाराष्ट्र के पुणे में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कुछ आरोपियों ने एक मिठाई की दुकान के ऑनलाइन प्रोफाइल पर फोन नंबर बदल दिया। दुकान के नंबर की जगह अपना फोन नंबर डाल दिया। इसके बाद जिन ग्राहकों ने मिठाई का ऑर्डर देने के लिए फोन किया, उनसे मिठाई के एडवांस रुपये ले लिए। यह ठगी कई दिनों तक चली। जब दुकान के एक अधिकारी को इसके बारे में पता चला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस इस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
दुकान मालिक का सेक्रेटरी जब बाजीराव रोड पर स्थित दुकान पर गए थे, वहां कुछ ग्राहकों ने उनसे ऑनलाइन ऑर्डर की गई मिठाई मांगी। तब उन्हें इस ठगी के बारे में पता चला। इसके बाद सेक्रेटरी ने विश्रामबाग पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगों ने लगभग 23 अक्टूबर से लेकर 6 नवंबर तक ग्राहकों को ठगा।
यह भी पढ़ें: मेरठ में BJP नेता और उनकी बेटी को सरेआम पीटा, देखती रह गई पुलिस
क्या बोली पुलिस?
इस मामले को लेकर विश्रामबाग पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर नवनाथ जगताप ने कहा कि इस ठगी के बारे में दुकान मालिक के सेक्रेटरी को पता चला था। आमतौर पर दुकान अपने ग्राहकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन लोकेशन और फोन नंबर शेयर करती है। उसी प्रकार मिठाई की दुकान की जानकारी ऑनलाइन प्रोफाइल में डाली गई थी। साइबर अपराधियों ने वहां मौजूद लैंडलाइन नंबर को हटाकर अपना मोबाइल नंबर डाल दिया।
इसके बाद ग्राहकों ने दुकान का नंबर समझकर कॉल किया और मिठाई का ऑर्डर दिया। आरोपियों ने मिठाई की डिलीवरी से पहले ही ग्राहकों से ऑनलाइन रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपी ग्राहकों के नंबर ब्लॉक कर देते थे, ताकि ग्राहक दोबारा फोन न कर सकें।
यह भी पढ़ें: PVR में इस्तेमाल किए गए कप में दे रहे थे ड्रिंक, फूड सेफ्टी विभाग ने किया बंद
कितने लोगों को ठगा?
पुलिस को अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि आरोपियों ने कुल कितने लोगों को ठगा है। पुलिस अधिकारी फिलहाल आरोपियों की तलाश में जुटे हैं। फिलहाल पुलिस को आरोपियों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।
