पंजाब सरकार ने आज एक दिन का विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। पार्टी के सांसदों के पाला बदलने के बाद और विधायकों के बागी होने की अटकलों के बीच यह सत्र बुलाया गया है। इस सत्र में जमकर हंगामा हो रहा है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस लगातार पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर हमला कर रहे हैं और पंजाब के सीएम पर शराब पीकर सदन में आने का आरोप लगा रहे हैं। आम आदमी पार्टी के विधायक, मंत्री और सीएम भगवंत मान कांग्रेस के विधायकों पर सदन में हंगामा करने का आरोप लगा रहे हैं। इस बीच कांग्रेस के विधायक सुखपाल सिंह खैरा और सीएम भगवंत मान के बीच जमकर कहासुनी हुई।
कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा के सदन में व्यवहार को लेकर सत्ता पक्ष के विधायकों ने आपत्ति जताई। इस पर कांग्रेस की ओर से विरोध किया गया। सुखपाल सिंह खैरा ने पंजाब के सीएम पर शराब पीकर सदन में आने का आरोप लगाया। सुखपाल सिंह खैरा के इस बयान पर सीएम भगवंत मान और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने जमकर हमला बोला।
यह भी पढ़ें: रेगिस्तान की तपती धूप में आग जलाकर प्रदर्शन क्यों कर रहे साधु-संत?
सीएम मान भड़के
सदन के अंदर जारी हंगामे के हीच बीच सुखपाल सिंह खैरा ने फिर से कुछ कहा जिसपर भगवंत मान भड़क गए। सीएम भगवंत मान ने कहा, 'तू तो मेरी बेटी के बारे में भी बोलता रहता है। तेरा क्या है यार, तू रहने दे यार। पंजाबी पढ़ाऊंगा मैं।' इस बीच सुखपाल सिंह खैरा और कांग्रेस के विधायकों की ओर से कुछ कहा जाता है जिसपर भगवंत मान कहते हैं, 'क्या बातें करता है। बकवास करता है यह। इसका इलाज करवाओ। विधानसभा के खर्च से इसका इलाज करवाओ।'
विधायकों का एल्कोमीटर टेस्ट करवाने की मांग
पंजाब विधानसभा के इस विशेष सत्र में सुखपाल सिंह खैरा के आरोप के बाद जनकर हंगामा हो रहा है। सुखपाल सिंह खैरे के आरोप पर नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने सभी विधायकों का एल्कोमीटर टेस्ट करवाने की मांग उठा दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने सीएम पर शराब पीकर सदन में आने का गंभीर आरोप लगाया है। ऐसे में सच्चाई सामने लाने के लिए सभी विधायकों की जांच कराई जानी चाहिए। इस मांग के बाद आम आदमी पार्टी के विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: Exit Polls में BJP को बंगाल में बहुमत लेकिन यकीन किसी को नहीं, ऐसा क्यों?
शराबी सीएम मुर्दाबाद के नारे लगे
इस मुद्दे पर हंगामा इतना ज्यादा बढ़ गया कि कांग्रेस के विधायकों ने सदन से वॉक आउट कर दिया। सदन से बाहर निकलते हुए कांग्रेस के विधायकों ने 'शराबी मुख्यमंत्री मुर्दाबाद' के नारे लगाए। इसके बाद कांग्रेसी विधायकों ने फिर से अपनी मांग दोहराई और कहा कि विधायकों का एल्कोमीटर टेस्ट जरूरी है जिससे साफ हो जाएगा कि आरोप में कितनी सच्चाई है।
