पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन सदन में बहुत ज्यादा हंगामा हुआ। सदन में बात चल रही थी कि केंद्र सरकार ने पंजाब का पैसा रोक दिया है तभी भारतीय जनता पार्टी (BJP)के विधायक अश्विनी शर्मा ने एक बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब बेटा पैदा होता है तो सब अपनी मेहनत बताते हैं लेकिन जब बेटी पैदा होती है तो केंद्र सरकार को दोष दिया जाता है। विधायक की इस बात को सुनते ही आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक भड़क गए और उन्होंने इसका कड़ा विरोध करना शुरू कर दिया।
जब पंजाब सरकार के मंत्री वरिंदर गोयल केंद्र सरकार पर आरोप लगा रहे थे, तब बीजेपी विधायक अश्विनी शर्मा ने अपनी बात में कहा कि बेटा होने पर अपनी पीठ थपथपाई जाती है और बेटी होने पर केंद्र पर ठीकरा फोड़ा जाता है। इस बात को सुनते ही सदन का माहौल पूरी तरह गर्म हो गया। आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विधायकों ने कहा कि यह सोच महिलाओं के साथ भेदभाव करती है। 'आप' विधायक सरवजीत कौर मानुके ने इस बयान की बहुत आलोचना की। मंत्री अमन अरोड़ा ने प्रधानमंत्री के 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' नारे का जिक्र करते हुए कहा कि बेटा और बेटी बराबर होते हैं विधायक को माफी मांगनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: अकाउंट से कटे लेकिन ATM से नहीं निकले 10 हजार रुपये, अब बैंक देगा 15000
जब सदन में हंगामा बहुत ज्यादा बढ़ गया तब बीजेपी विधायक अश्विनी शर्मा ने अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी का अपमान करने के लिए कुछ नहीं कहा है वह सिर्फ एक आम कहावत बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वह महिलाओं का बहुत सम्मान करते हैं और उन्होंने संस्कृत के श्लोकों का भी उदाहरण दिया। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि उनकी इस बात को विधानसभा के रिकॉर्ड से हटा दिया जाए।
महिलाओं पर लाठीचार्ज का मुद्दा
यह विवाद सिर्फ बेटी के जन्म तक ही सीमित नहीं रहा। इसके बाद बीजेपी विधायक ने 'आप' सरकार से कई सवाल पूछे। उन्होंने पूछा कि राज्य में अवैध खनन की क्या स्थिति है? उन्होंने सरकार से यह भी पूछा कि आपकी योजना 'जिसका खेत, उसकी रीत' का क्या हश्र हुआ है जिसके तहत बालू खेत के मालिक की होती थी? उन्होंने यह भी मांग की कि इस मामले पर एक ग्राउंड रिपोर्ट आनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि जो लोग अवैध खनन के खिलाफ बोलते हैं उन्हें 'आप' के बड़े नेता धमकाते हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी सवाल किया कि जब पंजाब में महिलाओं पर लाठीचार्ज होता है तब सरकार चुप क्यों बैठती है? उन्होंने उन वाल्मीकि महिलाओं, नर्सों, अध्यापिकाओं और किसानों की बात की जिन पर लाठीचार्ज हुआ था।
इन सब बातों का जवाब देते हुए मंत्री वरिंदर गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूरी मदद नहीं की, खनन से सरकार को और ज्यादा पैसा मिलता। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अवैध खनन को रोकने के लिए पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज करती है और इस काम के लिए केंद्र सरकार ने पंजाब को इनाम भी दिया है।
यह भी पढ़ें: किडनैपिंग और रेप के केस में गया जेल, पिज्जा और नरम गद्दे मांग रहा नाबालिग कैदी
मीडिया से बातचीत
विधानसभा की कार्यवाही खत्म होने के बाद बाहर आकर बीजेपी विधायक अश्विनी शर्मा ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि वे महिलाओं का पूरा सम्मान करते हैं। उन्होंने साफ किया कि अगर किसी को उनकी बात से बुरा लगा है तो वह अपनी बात स्पष्ट कर चुके हैं इस बात पर किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए।
