पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने बजट पेश किया है। इस बजट के तहत महिलाओं को एक बड़ा तोहफा दिया गया है, जिसमें महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जाएंगे। इस योजना को कई लोग दो अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि पंजाब की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार यह कदम उठा रही है। वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों का मानना है कि अगले साल पंजाब में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, इसी वजह से पंजाब सरकार महिला वोट बैंक को अपनी तरफ करने के लिए महिलाओं को रुपये दे रही है। पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के इस सत्र का यह आखिरी बजट है।

 

इस बजट में सरकार ने मुख्यमंत्री माताएं-बेटियां सत्कार योजना लागू करने की घोषणा की है। इसी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये मिलेंगे। साथ ही सरकार ने बताया है कि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये दिए जाएंगे। सरकार ने बताया है कि इस योजना की राशि सीधे बैंक खाते में दी जाएगी। इस योजना के अलावा पंजाब सरकार ने कई अहम योजनाएं भी पेश की हैं।

 

यह भी पढ़ें: किसी और के रिजल्ट पर किया दावा! क्यों चर्चा में आईं ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती?


बजट में पंजाब के लिए घोषणाएं


पंजाब सरकार ने इस बजट को पेश करते हुए कुछ अहम बातें बताई हैं। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया है कि माताएं-बेटियां सत्कार योजना में सरकार 9,300 करोड़ रुपये खर्च करने वाली है। वित्त मंत्री ने बताया कि पंजाब में 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना के तहत कवर किया जाएगा। इस योजना की जानकारी देते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब में 18 साल से ज्यादा उम्र की हर महिला इस योजना का लाभ उठा पाएगी, लेकिन जो महिलाएं सरकारी कर्मचारी हैं उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

 

यह भी पढ़ें: पति को परोसा 3 दिन पुराना सांभर, झगड़ा हुआ तो खुदकुशी कर बैठी महिला


इसके आगे उन्होंने कहा, 'मौजूदा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं है जैसे वृद्धावस्था पेंशन, विधवा और निराश्रित महिला पेंशन, साथ ही विकलांगता पेंशन योजना के तहत नामांकित महिलाएं भी इस योजना का लाभ उठा पाएंगी।' इस योजना ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। माना जा रहा है कि आगामी चुनावों में महिलाएं आम आदमी पार्टी को वोट दे सकती हैं, जिससे अन्य पार्टियों को भारी नुकसान हो सकता है।