पश्चिम बंगाल में मिली प्रचंड जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अब पंजाब में भी सरकार बनाने की कोशिश कर रही है। इसको लेकर संगठन लगातार एक्टिव है और 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बना रहा है। इस बीच पंजाब में पार्टी के प्रधान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मौजूदा समय में कांग्रेस पार्टी से आए सुनील जाखड़ राज्य यूनिट के प्रमुख हैं लेकिन उनका कार्यकाल अब खत्म होने वाला है। जुलाई 2027 में उनका कार्यकाल खत्म हो जाएगा। ऐसे में पार्टी अब उनकी जगह किसी सिख चेहरे को आगे कर सकती है।
सिख चेहरे को आगे करने के कई कारण बताए जा रहे हैं। पार्टी बंगाल और यूपी की तरह सिर्फ हिंदू वोटर्स के जरिए पंजाब में जीत दर्ज नहीं कर सकती क्योंकि यहां बहुसंख्यक आबादी सिख समुदाय की है। पार्टी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ और कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा दोनों हिंदू चेहरे हैं। पार्टी की छवि पहले ही पंजाब में शहरी हिंदू वोटर्स की पार्टी के रूप में बन चुकी है। ऐसे में पार्टी अपनी इस छवि से बाहर निकलने की कोशिश करेगी।
यह भी पढ़ें: 'सरकार सिर्फ बयानवीर, रीलबाजी से बिहार नहीं चलेगा', CM सम्राट पर बरसे तेजस्वी
अगले कुछ महीनों में होंगे बड़े बदलावा
सियासी गलियारों में चर्चा है कि अगले कुछ महीनों में बीजेपी की केद्रीय टीम में कई बड़े बदलाव हो सकते हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार भी जून के महीने में हो सकता है। इसके अलावा नए बने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपनी संगठनात्मक टीम का गठन करेंगे। उसका एलान भी अगले महीने होने की संभावना है। ऐसे में पंजाब चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार दोनों जगह पंजाब के प्रतिनिधियों को जगह मिल सकती है।
रवनीत बिट्टू पर होगा फैसला
पंजाब के सियासी गलियारे में मौजूदा समय में बीजेपी नेता और केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के नाम की खूब चर्चा है। बिट्टू अपना लोकसभा चुनाव हार गए थे लेकिन उन्हें राजस्थान से राज्यसभा भेजकर केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी गई थी। अब उनका राज्यसभा का कार्यकाल जून में खत्म हो रहा है। ऐसे में उनकी भूमिका पर भी पार्टी को फैसला करना है। अटकलें लगाई जा रही हैं की बिट्टू बीजेपी के समीकरणों में फिट बैठ रहे हैं और 2027 चुनाव से पहले पार्टी उन्हें राज्य इकाई की जिम्मेदारी दे सकती है। ऐसे में केंद्रीय कैबिनेट में किसी दूसरे सिख चेहरे को पार्टी जगह दे सकते है।
यह भी पढ़ें: सेप्टिक टैंक में उतरे 6 लोगों की मौत, मुश्किल से बची एक की जान
इन नामों की भी चर्चा
पंजाब में इन दिनों खूब चर्चा है की बीजेपी किसी सिख चेहरे को कमान सौंप सकती है। मनप्रीत सिंह बादल पंजाब के पुराने दिग्गज सियासी खिलाड़ी हैं। उन्होंने 202 में बीजेपी की टिकट पर गिद्दड़बाहा सीट से उपचुनाव लड़ा था। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी से बीजेपी में आए केवल सिंह ढिल्लों का नाम भी चर्चा में है। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के भाई फतेह जंग सिंह बाजवा, जगमोहन सिंह राजू, राना गुरमीत सिंह का नाम भी चर्चा में है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पसंद माना जा रहा है। इसके अलावा पार्टी अनुभव को तरजीह देते हुए हिंदू चेहरे तरुण चुग पर भी दांव लगा सकती है।
