भारी बारिश ने मुंबई को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर और इसके आसपास के इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। इसमें कई लोगों की मौतें भी सामने आई हैं। इन घटनाओं को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने मुंबई में सोमवार को सभी सरकारी, निजी और नगर निकाय द्वारा संचालित स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। मौसम विभाग ने रविवार को भारी बारिश के 'ऑरेंज अलर्ट' भी जारी किया है।

 

बीएमसी के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि रविवार शाम को यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। भारत मौसम विभाग ने मुंबई के लिए 'ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए भारी बारिश होने और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जताया।

 

यह भी पढ़ें: मामूली विवाद पर पत्नी को तवे से मार डाला, पति ने थाने में जाकर कबूला जुर्म

सरकारी-निजी ऑफिस सामान्य रूप से काम करेंगे

बयान में कहा गया है कि सरकारी और निजी ऑफिस सामान्य रूप से काम करेंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलें। मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बहुत भारी बारिश हो रही है जिससे सड़कों पर जलभराव हो गया है और पेड़ गिरने की घटनाएं हुई हैं। 30 जून से अब तक इन घटनाओं में एक स्कूली छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

 

 

 

हवाई अड्डे पर उड़ानें हुई प्रभावित

इसके अलावा रविवार को हुई बारिश की वजह से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों का परिचालन एक घंटे तक प्रभावित हुआ। इस वजह से इंडिगो की चार उड़ानें रद्द कर दी गईं और विभिन्न एयरलाइन की 13 उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डों पर भेजा गया। खराब मौसम के कारण जिन 13 उड़ानों का मार्ग बदला गया था, वे बाद में मुंबई में सुरक्षित उतर गईं।

 

यह भी पढ़ें: साले ने जीजा को जिंदा जलाया, बचाने आई भाभी भी नहीं बची; CCTV फुटेज वायरल

 

भारी बारिश की वजह से सड़कों पर जलभराव हो गया और पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं, जिनमें एक शख्स की जान चली गई। मुंबई में पिछले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक और कुछ स्थानों पर 300 मिमी तक भारी बारिश दर्ज की गई है।