अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मामले में अब विश्व हिंदू परिषद (VHP) की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। वीएचपी ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा। एक इंटरव्यू में वीएचपी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष ने संकेत दिए हैं कि संगठन चंपत राय पर भी कार्रवाई कर सकता है। उनका कहना है कि अगर कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

 

विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में कहा कि अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी मामले के लिए वीएचपी जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने कहा कि संगठन इस मामले की जांच पूरी होने का इंतजार करेगा। जांच के बाद ही वीएचपी अपने उपाध्यक्ष चंपत राय के खिलाफ कोई कार्रवाई करने पर विचार करेगा। बता दें कि चंपत राय ने इस मामले में SIT जांच के बाद मंदिर ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया था।

 

यह भी पढ़ें: 'पहलगाम नरसंहार भूल गए...', भारत-पाकिस्तान वार्ता की पहल पर क्या कह रहे हैं लोग?

वीएचपी ने झाड़ा पल्ला

इस मामले से करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंची है। यह मामला सामने आने के बाद विश्व हिंदु परिषद पर भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि राम मंदिर में काम कर रहे ज्यादातर अधिकारी इसी संगठन से जुड़े हैं। हालांकि, संगठन का कहना है कि इससे उनका कोई संबंध नहीं है। वीएचपी प्रमुख ने स्पष्ट किया है कि ट्रस्ट के कामकाज और फैसलों की जिम्मेदारी वीएचपी की नहीं है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद से ट्रस्ट एक स्वतंत्र संस्था है। वीएचपी ने चंपत राय के फैसलों से खुद को अलग कर लिया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 

आलोक कुमार ने बयान दिया है कि राम मंदिर के निर्माण से लेकर उसके संचालन तक में वीएचपी की कोई भूमिका नहीं है। संगठन का कहना है कि चंपत राय द्वारा ट्रस्ट के महासचिव के रूप में लिए गए निर्णयों या उनकी कार्यप्रणाली के लिए वीएचपी जिम्मेदार नहीं है।

चंदा चोरी पर क्या बोले?

जब अलोक कुमार से राम मंदिर चंदा चोरी के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि जो हुआ है, वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे दुनियाभर के हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, ' इसे लेकर कोई बहाना बनाने या किसी का बचाव करने का सवाल ही नहीं है। हम सभी चाहते हैं कि पुलिस और SIT इस मामले की पूरी जांच करें। जांच में हर पहलू और उन सभी लोगों को शामिल किया जाए, जिनके खिलाफ किसी भी तरह के आरोप लगे हैं, चाहे वे कोई भी हों।'

 

यह भी पढ़ें: उमस से मिलेगी राहत, बारिश की आहट? मौसम विभाग ने कई राज्यों में जारी किया अलर्ट

8 लोगों की गिरफ्तारी पर दिया जवाब

अलोक कुमार ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले में आठ आरोपियों की गिरफ्तारी पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ आठ लोगों का नहीं है। इस मामले में जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने चंपत राय को संगठन से अलग करने के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि चंपत राय पर अब तक सीधे तौर पर कोई भी आरोप नहीं लगा है। आरोप उनके ड्राइवर पर है और वह गिरफ्तार हो चुका है। बता दें कि इस मामले में अब तक आठ लोग गिरफ्तार हो रहे हैं लेकिन लोगों के मन में शक है कि किसी बड़े व्यक्ति को बचाने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। लोग चंपत राय की भूमिका की जांच की मांग कर रहे हैं।