राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बुलडोजर एक्शन की तैयारी है। अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने चढ़ावा चोरी के आरोपी लवकुश मिश्रा की पत्नी को अनधिकृत निर्माण पर नोटिस भेजा है। उधर, फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने गुरुवार को आरोपियों के खिलाफ विरोध मार्च निकाला और राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की और पुलिस के पास एक शिकायत भी दर्ज कराई।

 

अयोध्या विकास प्राधिकरण ने आरोपियों के उन घरों की पहचान करने शुरू कर दी है, जिनका नक्शा पास नहीं था और अनधिकृत निर्माण किया गया। शहादतगंज स्थित लवकुश मिश्रा की पत्नी के नाम पर बन रहे मकान को नोटिस भेजा गया है। वहीं कौशल पुरी स्थित अनुकल्प मिश्रा का मकान भी रडार पर आ गया है। संभावना है कि इन संपत्तियों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन हो सकता है। 

 

यह भी पढ़ें: AI और आतंकवाद का भारत ने क्या कनेक्शन बताया कि पाकिस्तान को अखर गया?

अनिल मिश्रा से हो सकती पूछताछ

एसआईटी 12वें दिन भी मंदिर पहुंची। करीब दो घंटे तक जांच ली। इस बीच संभावना जताई जा रही है कि आज ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा से पूछताछ हो सकती है। इससे पहले रविवार को तीन घंटे तक ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से पूछताछ हो चुकी है। चढ़ावा चोरी प्रकरण में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा जुका है। आरोपियों के ठिकानों पर पुलिस एक साथ छापेमारी भी कर चुकी है। 

 

 

 

नोटों की गड्डियों के साथ अविनाश के भाई का आया वीडियो

इस बीच एक अन्य आरोपी अविनाश शुक्ला के भाई अमित शुक्ल का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह नोटों की गड्डियां हाथ में लिए दिख रहा है। पुलिस ने इस मामले की भी जांच शुरू कर दी है।

वकीलों की चेतावनी- FIR नहीं हुई तो आंदोलन तेज होगा

करीब 500 से अधिक वकीलों ने अयोध्या में विरोध प्रदर्शन किया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने बताया कि इस मामले में पहली प्राथमिकी दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ता एवं ट्रस्ट के एक अन्य सदस्य कृष्ण मोहन का नाम भी वकीलों की शिकायत में बतौर आरोपी शामिल किया गया है। वकीलों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कोर्ट परिसर से श्रीराम जन्मभूमि थाने तक मार्च किया। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। वकीलों ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

 

यह भी पढ़ें: वैभव की तारीफ में शास्त्री का बेतुका बयान, आखिर दूसरों को कब सम्मान देंगे हम?

 

वकीलों ने अपनी शिकायत में चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपाल राव और कृष्ण मोहन के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। चेतावनी भी दी कि अगर मामला दर्ज नहीं किया गया तो आंदोलन और भी तेज किया जाएगा।

 

 

 

अविनाश शुक्ला के पास मिली सबसे अधिक नकदी

पुलिस को सबसे अधिक नकदी अविनाश शुक्ला के पास से मिली है। उसके खिलाफ जांच और कड़ी करने की तैयारी है। अभी तक अविनाश शुक्ला से 20.39 लाख रुपये, करुणेश पांडे से 18.07 लाख रुपये, अनुकल्प मिश्रा से 16.82 लाख रुपये, लवकुश मिश्रा से 14.25 लाख रुपये, रमाशंकर मिश्रा से 7.32 लाख रुपये और रमाशंकर यादव उर्फ टीनू से एक लाख रुपये की नकदी मिली है। इसके अलावा 11 ग्राम सोना, करीब 375 ग्राम चांदी और 1,121 अमेरिकी डॉलर भी मिले हैं।