उत्तर-पश्चिम दिल्ली स्थित इस्माइल खान वाला बाग में 24 नवंबर यानी मंगलवार सुबह 10 साल की एक मासूम बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई है। आरोपी 35 साल का राजेश है, जिसे मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। भीड़ ने पहले आरोपी की जमकर पिटाई की और फिर उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की यौन उत्पीड़न से जुड़ी धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी राजेश पेशे से कारपेंटर है और उत्तर-पश्चिम दिल्ली का ही रहने वाला है। चौंकाने वाली बात यह है कि वह पहले भी इसी तरह के अपराध में सजा काट चुका है। साल 2018 में स्वरूप नगर इलाके में एक नाबालिग से यौन उत्पीड़न के मामले में अदालत ने उसे दोषी ठहराते हुए सात साल की जेल की सजा सुनाई थी। वह कुछ महीने पहले ही सजा पूरी कर जेल से बाहर आया था।
यह भी पढ़ें: इलेक्ट्रिक गाड़ियों के शोरूम में लगी आग, 26 स्कूटी और 7 ई-रिक्शा जलकर राख
कैसे हुई पूरी घटना?
पुलिस को मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे इस घटना के संबंध में PCR कॉल मिली। इसके बाद स्थानीय थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में घटना का पूरा घटनाक्रम सामने आया है। चौथी कक्षा में पढ़ने वाली पीड़ित बच्ची पार्क में लुका-छिपी खेल रही थी। इसी दौरान उसकी नजर पेशाब कर रहे राजेश पर पड़ी। बच्ची को देखते ही आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने पास बुलाने की कोशिश की।
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची को जबरदस्ती घसीटा नहीं था बल्कि उसके बुलाने पर वह खुद उसके पास चली गई थी। इसके बाद आरोपी ने बच्ची के कपड़े उतारने की कोशिश की और उसकी शर्ट के दो बटन भी खोल दिए। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और आरोपी को भागने से पहले ही पकड़ लिया। पुलिस ने उन दावों को गलत बताया है जिनमें कहा जा रहा था कि बच्ची स्कूल के बाद पार्क के रास्ते अपने किसी रिश्तेदार के घर जा रही थी।
जांच के घेरे में आरोपी का पिछला रिकॉर्ड
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी अविवाहित है और अपने परिवार से भी अलग रहता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने के लिए कि घटना के वक्त वह किसी नशे की हालत में था या नहीं, उसके खून के नमूने जांच के लिए भेजे दिए हैं। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं ताकि उसकी इंटरनेट सर्च हिस्ट्री खंगाली जा सके। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगा रही है कि जेल से छूटने के बाद उसने कहीं ऐसी किसी और वारदात को तो अंजाम नहीं दिया जो दर्ज न हो पाई हो।
यह भी पढ़ें: कौन हैं वर्धमान जैन जिन्होंने तिरुमाला मंदिर में चढ़ाए 206 करोड़ के 46 गहने?
पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
दिल्ली के पार्कों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे ठीक दो महीने पहले दक्षिण-पूर्व दिल्ली के कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क में भी पुलिसकर्मी बनकर आए तीन लोगों ने 17 साल की एक लड़की को धमकाकर उसके साथ गैंगरेप किया था।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि इतना बड़ा पार्क होने के बावजूद घटना के समय वहां सिर्फ एक ही सुरक्षा गार्ड तैनात था, जबकि सही निगरानी के लिए कम से कम चार से पांच गार्डों की जरूरत है। पुलिस ने सुरक्षा की इस कमी को संबंधित अधिकारियों के सामने उठाने की बात कही है। दूसरी ओर, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) का कहना है कि पार्क में तैनात सुरक्षाकर्मी ने पूरी मुस्तैदी दिखाई और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इससे आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
