पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार को दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां के ताराताला इलाके में एक तीन मंजिला गोदाम अचानक ढह गया। अभी तक 13 लोगों को बचा लिया गया है। वहीं कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक तीन लोगों की जान गई है। वहीं 40 से अधिक लोग मलबे में दबे हैं। कोलकाता पुलिस के मुताबिक 10 घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इनमें से चार की हालत नाजुक है।
ताराताला इलाके में ब्रेस ब्रिज के नजदीक ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट की लीज पर ली गई जमीन पर यह गोदाम बनाया जा रहा था। बुधवार की दोपहर गोदाम पर निर्माण कार्य चल रहा था। तभी अचानक कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े और लोहे के बीम वहां काम करने वाले लोगों पर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने बताया कि मलबे में दबे लोग चिल्लाते देखे गए।
यह भी पढ़ें: 'इमोशनल रिश्ते कौन भूल सकता', महुआ ने की सुवेंदु अधिकारी की तारीफ
ग्राउंड फ्लोर पर चल रहा था निर्माण कार्य
स्थानीय लोगों के मुताबिक पहली और दूसरी मंजिल में आरसीसी का काम पूरा हो चुका था। ग्राउंड फ्लोर पर निर्माण कार्य चल रहा था। तभी अचानक पूरा ढांचा ढह गया। दमकल विभाग के अधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। ढलाई के दौरान ही तीन मंजिला गोदाम की छत गिर गई।
ड्रोन और स्निफर डॉग की ली जा रही मदद
घटनास्थल पर दमकल, आपदा विभाग और कोलकाता पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। सेना के अधिकारी भी बचाव अभियान में जुटे हैं। क्रेन की मदद से लोहे के बीम को उठाया जा रहा है। वहीं गैस कटर से कंक्रीट को काटा जा रहा है, ताकि अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सके। एनडीआरएफ की टीम स्निफर डॉग और ड्रोन की मदद से फंसे हुए लोगों का पता लगा रही है।
कंट्रोल रूम नंबर-
1070, 8697981070
033-22143526/22535185
मंत्री अग्निमित्रा पॉल घटनास्थल पर पहुंचीं
पश्चिम बंगाल की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल और कोलकाता नगर निगम की कमिश्नर स्मिता पांडे ने घटनास्थल का दौरा किया। मंत्री इंद्रनील खान ने कहा कि हादसे के पीछे की वजह और गड़बड़ी की जांच की जाएगी। अभी प्राथमिकता पीड़ितों को बचाने की है। उधर, कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद ने भी मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों का मुआयना किया।
यह भी पढ़ें: गमछा सूंघकर कुछ ही देर में आरोपी के घर पहुंच गई, UP पुलिस की डॉग 'मैरी' का कमाल
डिजाइन और निर्माण सामग्री में मिली खामी
कोलकाता नगर निगम ने घटिया निर्माण और डिजाइन में खामियों की बात कही है। निगम के अधिकारियों ने कहा कि कंक्रीट का वजन संभालने वाली बीम मजबूत नहीं थी। कोई ब्रेस भी नहीं है। ब्रेस आरसीसी कास्टिंग को सहरा देने के लिए जरूरी होती है। अब इस बात की जांच की जाएगी कि क्या गोदाम का डिजाइन नगर निगम ने मंजूर किया था। अगर मंजूरी मिली थी तो काम मानक के मुताबिक हो रहा था या नहीं।


