पश्चिम बंगाल के बीरभूमि जिले में पुलिस ने बुधवार को एक कारोबारी के ठिकानों पर दबिश दी। तलाशी में जुटे पुलिसवालों के होश उस वक्त उड़ गए, जब कारोबारी के ठिकानों से 20 करोड़ रुपये कैश और 15 किलो सोना मिला। पुलिस के मुताबिक कैश को कई अलग-अलग थैलियों में भरकर रखा गया था। अभी गिनती चल रही है। इस कारण आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को देवचा गांव में स्थित पत्थर कारोबारी मीनार मंडल के घर पर दबिश दी गई। यहां एक-एक किलो वजह की सोने की 14 छड़ें मिली। इसके अलावा 100-100 ग्राम के सोने के 10 बिस्कुट भी मिले। इनकी सभी की मौजूदा कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपये है। पुलिस ने बताया कि मीनार मंडल के बेटे को हिरासत में लिया गया है। उससे उन ठिकानों के बारे में भी पूछताछ की गई, जहां कैश छिपाए जाने की आशंका है।
यह भी पढ़ें: वंदे मातरम् का अपमान करने पर होगी 3 साल की जेल, राज्यसभा से संशोधन विधेयक पास
पुलिस के अनुसार मीनार मंडल सरकारी बस ड्राइवर था। बाद में वह पत्थर कारोबारी बन गया। उसे टुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के नाम से भी जाना जाता है। सीएम शुभेंदु अधिकारी उसे बालू माफिया भी बता चुके हैं। हालांकि बीरभूमि जिले में टुल्लू का पत्थर का बड़ा व्यवसाय है। पुलिस बीरभूमि जिले में कथित अवैध खनन और राजस्व चोरी के खिलाफ जांच कर रही है। विधानसभा चुनाव के बाद से ही पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल फरार है।
पुलिस का कहना है कि टुल्लू कुछ समय पहले तक नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन में ड्राइवर था। नौकरी छोड़ने के बाद वह अपने एक रिश्तेदार के साथ पत्थर कारोबार में उतरा। उसे बीरभूमि टीएमसी के प्रमुख अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। अनुब्रत मंडल अब टीएमसी के बागी विधायकों के गुट का हिस्सा है। पशु तस्करी मामले में सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार किया था। पशु तस्करी मामले में भी टुल्ली का नाम आया था। प्रवर्तन निदेशाय ने उसे दिल्ली तलब किया था। साल 2022 में उसके कार्यालय और गोदाम में दबिश भी दी थी।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ में घुसे अमृतपाल के समर्थक, भारी बवाल; CM आवास के करीब पहुंचे
साल 2022 के बाद पश्चिम बंगाल में टुल्लू के ठिकानों से मिली यह अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है। 2022 में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने स्कूल भर्ती घोटाले में पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी की सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के परिसरों पर दबिश दी थी। इस दौरान 50 करोड़ रुपये की नकदी, सोना और विदेशी मुद्रा मिली थी।
