बिहार के पटना में स्थित बिहार संग्रहालय को वैश्विक पहचान मिली है। बिहार संग्रहालय को दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में 9वां स्थान मिला है। इस संग्रहालय को एशिया का सर्वश्रेष्ठ संग्रहालय माना गया है। यह सूची जर्मनी की स्वतंत्र ट्रैवल गाइड 'वर्थ अ जर्नी' ने जारी की है। बिहार की इस उपलब्धि से पूरा देश प्रसन्न है। भारत के प्रसिद्ध उद्योगपति और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर खुशी जताई है। आनंद महिंद्रा ने कहा कि यह भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे देश के दूसरे संग्रहालयों को भी बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलेगी और संग्रहालयों का स्तर ऊंचा होगा।

 

आनंद महिंद्रा के 'एक्स' पोस्ट का जवाब देते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बिहार आने का न्योता दिया है। सम्राट चौधरी ने आनंद महिंद्रा के पोस्ट को कोट करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने आनंद महिंद्रा को बिहार आकर संग्रहालय घूमने और चाय पर संवाद करने का आमंत्रण भी दिया। सम्राट चौधरी ने आनंद महिंद्रा से बिहार आकर यहां अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश करने का आग्रह किया।

 

'भारत के लिए ऐतिहासिक क्षण'

27 अक्टूबर को बिहार टूरिज्म ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बिहार के संग्रहालय को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान पर खुशी जताई। इस पोस्ट को कोट करते हुए महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी अपनी खुशी जाहिर की। वह भी बिहार संग्रहालय के मुरीद हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर बिहार संग्रहालय की इस उपलब्धि की जमकर सराहना की है। महिंद्रा ने कहा कि बिहार संग्रहालय का दुनिया के टॉप-10 में आना और एशिया में नंबर-1 बनना गर्व की बात है।

 

यह भी पढ़ें: चंद्रा प्रोटेको पर 210 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी का आरोप, CBI की छापेमारी

 

'यह भारत के लिए सम्मान और पहचान का एक ऐतिहासिक क्षण है। पटना के बिहार संग्रहालय को दुनिया में नौवां और एशिया का सर्वश्रेष्ठ संग्रहालय चुना जाना बेहद शानदार उपलब्धि है। इस उपलब्धि से भारत में संग्रहालयों को देखने का अनुभव बदल सकता है। इससे देश में पहले से मौजूद और भविष्य में बनने वाले सभी संग्रहालयों के लिए एक नया स्तर तय होगा। यह एक नया मानक स्थापित करेगा। इस उपलब्धि को और खास बनाती है इसके पीछे की कहानी। बिहार संग्रहालय की परिकल्पना और इसे बनाने की पहल पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी। बिहार सरकार और समर्पित अधिकारियों के लगातार प्रयासों से यह सपना हकीकत बन सका।' - आनंद महिंद्रा, चेयरमैन, महिंद्रा ग्रुप

'आइए न हमरा बिहार में'

आनंद महिंद्रा के पोस्ट पर बिहार के मुख्यमंत्री का जवाब आया। उन्होंने उनका आभार जताते हुए उन्हें बिहार आने का न्योता दिया। सम्राट चौधरी ने लिखा, 'आनंद महिंद्रा जी, बिहार की जनता की ओर से आपका हार्दिक आभार! बिहार की गौरवशाली विरासत हमारी पहचान और उज्ज्वल भविष्य हमारा संकल्प है। आपको बिहार संग्रहालय भ्रमण और हाई टी पर संवाद हेतु सादर आमंत्रित करता हूं। आइए, उद्योग, कृषि, तकनीक एवं पर्यटन में साझेदारी से निवेश, रोजगार और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करें।'

 

आनंद महिंद्रा ने स्वीकार किया आमंत्रण

मुख्यमंत्री के इस आत्मीय निमंत्रण पर आनंद महिंद्रा ने भी गर्मजोशी से प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मुख्यमंत्री का स्नेहपूर्ण और उत्साहजनक जवाब सचमुच दिल छू लेने वाला है। बिहार संग्रहालय को लेकर मुख्यमंत्री का गर्व और लगाव भी उन्हें अच्छा लगा। आनंद महिंद्रा ने आश्वासन दिया कि जब भी बिहार आने का अवसर मिलेगा, वे मुख्यमंत्री के निमंत्रण का लाभ जरूर उठाएंगे। उन्होंने कहा कि बिहार आकर संग्रहालय देखना उनके लिए सौभाग्य की बात होगी।

 

यह भी पढ़ें: फूल तोड़ते हुए बेटा फिसला, पिता बचाने पहुंचे, 23वीं मंजिल गिरकर दोनों की मौत

क्या है बिहार संग्रहालय की खासियत?

बिहार संग्रहालय का उद्घाटन 2015 में हुआ था। 13.5 एकड़ में फैला यह संग्रहालय अपनी आधुनिक वास्तुकला और ऐतिहासिक संग्रह के लिए जाना जाता है। यहां चौथी शताब्दी की बुद्ध की विशाल प्रतिमा, मौर्य काल के अवशेष, अशोक स्तंभ और हजारों दुर्लभ कलाकृतियां रखी गई हैं। इस संग्रहालय को कनाडा के प्रसिद्ध आर्किटेक्ट ने डिजाइन किया है। यहां हड़प्पा सभ्यता से लेकर आजादी तक के इतिहास को एक ही छत के नीचे दिखाया गया है। हर साल यहां लाखों पर्यटक आते हैं।


दुनिया के टॉप-100 में 9वां स्थान मिलने के बाद अब बिहार संग्रहालय वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से उभरा है। राज्य सरकार को उम्मीद है कि इससे बिहार में पर्यटन और निवेश दोनों बढ़ेंगे।