बिहार में एक थाना प्रभारी को वर्दी में अपनी रील पोस्ट करना भारी पड़ गया। पुलिस मुख्यालय के आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में उन्हें तुरंत निलंबित कर दिया गया। मामला बिहार के पूर्णिया जिले का है। यहां महिला थाना प्रभारी शबाना आजमी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वर्दी में रील पोस्ट कर दी। मामला संज्ञान में आने पर पूर्णिया की पुलिस अधीक्षक (SP) स्वीटी सेहरावत ने थाना प्रभारी को सस्पेंड करने का आदेश दिया। बता दें कि कुछ समय पहले ही बिहार पुलिस मुख्यालय ने एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की थी। इसमें वर्दी में रील बनाने और पोस्ट करने पर रोक लगा दी गई थी।

 

पुलिस अधीक्षक स्वीटी सेहरावत ने चेतावनी दी कि अगर जिले में कोई भी पुलिसकर्मी ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि यहां यह बताना जरूरी है कि शबाना आजमी पहली बार चर्चा में नहीं हैं। पिछले साल वह पूर्णिया जिले में ही एक चौकी की प्रभारी रहीं। तब उन्होंने अपने एक बुजुर्ग रिश्तेदार को अपनी कुर्सी पर बैठा दिया था। लोगों ने इस पर उनकी खूब आलोचना की थी।

 

यह भी पढ़ें: कहीं दौड़ाए गए BJP प्रत्याशी, कहीं CAPF पर हमला, बंगाल चुनाव में क्या-क्या हुआ?

सोशल मीडिया प्रकोष्ठ रख रहा निगाह

बिहार पुलिस का सोशल मीडिया प्रकोष्ठ उन पुलिस कर्मियों पर निगाह रख रहा, जो वर्दी में सोशल मीडिया पर रील पोस्ट करते हैं। हाल ही में एसओपी का उल्लंघन करके वर्दी में रील पोस्ट करने वाले 50 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया गया है। सभी को निलंबित करने के बाद विभागीय कार्रवाई भी झेलनी पड़ेगी। 

पुलिस अधीक्षकों को भेजी गई सूची

पुलिस मुख्यालय ने जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और पुलिस अधीक्षक (SP) को उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों की सूची भेज दी गई है। अधिकारियों को एक्शन लेने के बाद मुख्यालय अपनी रिपोर्ट भी भेजनी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बिहार के 20 जिलों में वर्दी में रील बनाने वाले 50 पुलिसकर्मियों में 32 महिला और 18 पुरुष शामिल हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'अल्पसंख्यकों से बेहतर रिश्ते किसके....', हमले के बाद TMC पर भड़की BJP

पटना जिले में सबसे अधिक उल्लंघन के मामले

सबसे अधिक उल्लंघन के मामले राजधानी पटना में सामने आए हैं। यहां 16 पुलिसकर्मी विभाग के रडार पर हैं। मधुबनी और नालंदा जिले में इनकी संख्या 4-4 है। बिहार पुलिस का कहना है कि वर्दी की गरिमा को बनाए रखना सभी पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है। अगर किसी ने नियमों का उल्लंघन किया और सोशल मीडिया पर अनुशासनहीन गतिविधि में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।