उत्तर प्रदेश के मथुरा के रुकमणि विहार इलाके में शुक्रवार सुबह निर्माणाधीन ओमेक्स मॉल में हुए हादसे ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। सुबह करीब 7 बजे कमर्शियल साइट पर छज्जे के निर्माण के लिए लगाई गई शटरिंग अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी। उस समय वहां मजदूर काम कर रहे थे। शटरिंग और मलबे की चपेट में आकर चार मजदूर दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और तेजी से राहत-बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया लेकिन तीन मजदूरों की जान नहीं बच सकी। एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है और उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है।
छज्जे के निर्माण के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक रुकमणि विहार स्थित ओमेक्स की कमर्शियल साइट पर निर्माण कार्य चल रहा था। यहां एक प्रोजेक्शन छज्जा निकाला जा रहा था। इसके लिए शटरिंग लगाई गई थी। शुक्रवार सुबह मजदूर निर्माण कार्य में जुटे थे, तभी अचानक शटरिंग का ढांचा भरभराकर गिर गया। देखते ही देखते चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
यह भी पढ़ें: दिव्या मिश्रा मर्डर केस: हत्या से खुदकुशी तक, हर राज समझिए, जिस पर पर्दा है
शटरिंग गिरते ही मची चीख-पुकार
अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद मजदूरों और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। लोग मलबे की ओर दौड़े और दबे मजदूरों को निकालने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस और दमकलकर्मियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के बाद बचाव अभियान शुरू किया। मलबे को हटाकर एक-एक कर मजदूरों को बाहर निकाला गया। चारों मजदूरों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों की निगरानी में काफी देर तक राहत और बचाव का काम चलता रहा।
एसपी सिटी राजीव सिंह ने बताया कि हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी। तीन अन्य मजदूरों को अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान दो और मजदूरों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मरने वाले मजदूरों की संख्या तीन हो गई। वहीं एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतकों में एक मजदूर नेपाल का रहने वाला था, जबकि दो मजदूर पश्चिम बंगाल के निवासी बताए गए हैं। पुलिस मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया में जुटी है। हादसे की सूचना संबंधित परिवारों तक पहुंचाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: शाहजहांपुर में पुलिस दबिश के बाद सर्राफ की मौत, 6 पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस
जांच के घेरे में निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था
निर्माणाधीन मॉल में शटरिंग गिरने से तीन मजदूरों की मौत के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है। शटरिंग की मजबूती, निर्माण कार्य में अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
एसपी सिटी ने बताया कि हादसे में राहत-बचाव का काम पूरा कर लिया गया है। घायल मजदूर का इलाज जारी है। पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जांच के बाद हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों और लापरवाही के बिंदुओं को भी स्पष्ट किया जाएगा।
