हिमाचल प्रदेश के सबसे अहम औद्योगिक इलाकों को जोड़ने वाली पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ फोरलेन सड़क परियोजना का काम अब और तेज होने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस प्रोजेक्ट के बचे हुए काम के लिए 378.48 करोड़ रुपये का लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) जारी कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह हिमाचल के विकास की दिशा में एक बड़ा और अहम कदम है।

 

यह कार्य पिंजौर बाईपास से बद्दी-नालागढ़ सेक्शन (किमी 4+200 से 34+500) तक एनएच-21ए (नया एनएच-105) पर ईपीसी मोड में किया जाएगा। इस परियोजना को 30 जुलाई 2026 को मंजूरी मिली थी और इसकी कुल लागत 378.48 करोड़ रुपये तय की गई है।

 

यह भी पढ़ें: हिलिंग-लामू रोड पर बड़ा हादसा, 600 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; दो की मौत

हर्ष महाजन ने गिनाए फोरलेन सड़क के फायदे

हर्ष महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में सड़कों के विकास पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें बनने से उद्योग, कारोबार, पर्यटन और लोगों की आवाजाही पहले से ज्यादा आसान होगी। महाजन ने बताया कि बद्दी देश के बड़े औद्योगिक इलाकों में शामिल है। ऐसे में यह परियोजना पूरी होने के बाद माल की ढुलाई तेज होगी, नए निवेश आएंगे और लोगों के लिए रोजगार के नए मौके भी पैदा होंगे।

 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में नेशनल हाईवे के निर्माण और उन्हें बेहतर बनाने पर लगातार जोर दे रही है। हाल ही में सरकार ने राज्य के कई नेशनल हाईवे से जुड़ी अहम अधिसूचनाएं जारी की हैं। इन फैसलों से हिमाचल में सड़कों के विकास और उनके बेहतर रखरखाव का रास्ता और मजबूत होगा।

 

यह भी पढ़ें: मणिमहेश यात्रा पर बीड़ी-सिगरेट बैन, छोटे पैकेट पर भी रोक; उपायुक्त ने लिया जायजा

 

हर्ष महाजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का मकसद हिमाचल प्रदेश को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सड़कें देना है, ताकि प्रदेश के विकास को और तेज़ी मिल सके।