संजय सिंह, पटना: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब परीक्षा देकर कॉलेज से बाहर निकले एक छात्र पर कॉलेज गेट पर ही चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे यूट्यूब वीडियो को लेकर चल रहे विवाद की आशंका जता रही है।

 

मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के देवपुर परसा गांव निवासी रितेश यादव के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम विद्या प्रसाद यादव बताया गया है। वहीं, हत्या का आरोप सरोज यादव नामक छात्र पर लगा है, जो बीरेन्द्र यादव का पुत्र बताया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

परीक्षा खत्म होते ही हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलेज में परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान कॉलेज गेट के पास पहले से मौजूद सरोज यादव ने अचानक रितेश पर चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि रितेश मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। कॉलेज परिसर में चीख-पुकार मच गई और छात्र इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों और छात्रों की मदद से रितेश को तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।

 

यह भी पढ़ें: MP में दर्जनों अफसरों ने जमीन खरीदी, वहीं से निकला बाइपास, क्यों उठे सवाल?

यूट्यूब वीडियो बना हत्या की वजह

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों छात्रों के बीच पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और यूट्यूब वीडियो को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों युवक स्थानीय स्तर पर वीडियो बनाते थे और इसी को लेकर प्रतिस्पर्धा और आपसी तनाव बढ़ गया था। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है लेकिन जांच का फोकस फिलहाल इसी दिशा में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन, सोशल मीडिया चैट और यूट्यूब गतिविधियों की भी जांच की जाएगी ताकि विवाद की असली वजह सामने आ सके।

 

कॉलेज परिसर के बाहर हुई इस हत्या ने छात्रों और अभिभावकों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। घटना के बाद कई छात्रों ने कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि परीक्षा के दौरान कॉलेज के बाहर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिसकी वजह से आरोपी आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। घटना के बाद कॉलेज के आसपास भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों में गुस्सा भी देखा गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।

 

यह भी पढ़ें: 'मिटाने की कोशिश की, खुद मिट गए,' सनातन पर CM योगी ने किसे सुनाया?

 

आरोपी की तलाश में छापेमारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या पूरी तरह पूर्व नियोजित थी या फिर अचानक हुए विवाद का परिणाम।