तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद एक विधायक की संपत्ति ने सभी को चौंका दिया है। राज्य की लालगुडी सीट से ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के टिकट पर पहली बार चुनाव जीतीं लीमा रोज मार्टिन सूबे की सबसे अमीर विधायक बन गई हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार, केवल पांचवीं पास शैक्षणिक योग्यता रखने वाली लीमा रोज के पास 5,863.72 करोड़ रुपये (58 अरब से ज्यादा) की संपत्ति है। यह तमिलनाडु विधानसभा के सभी विधायकों की कुल घोषित संपत्ति का लगभग 53.72% हिस्सा है।
हैरान करने वाली बात यह है कि तमिलनाडु के बाकी सभी विधायकों की कुल संपत्ति को मिला दिया जाए तो भी वह अकेले लीमा रोज मार्टिन की दौलत के सामने कम बैठती है। पूरी विधानसभा के 233 विधायकों की कुल घोषित संपत्ति 10,916.23 करोड़ रुपये है, जिसमें से अकेले 53.72% तो सिर्फ लीमा की है। वहीं, शेष 232 विधायकों की संयुक्त संपत्ति मात्र 5,052.50 करोड़ रुपये है, जो कुल संपत्ति का महज 46.28% हिस्सा है।
यह भी पढ़ें: केरल की सतीशन सरकार ने सिल्वर लाइन प्रोजेक्ट को रद्द क्यों कर दिया?
कौन हैं लीमा रोज मार्टिन?
लीमा रोज मार्टिन कोयंबटूर की रहने वाली हैं और देश के मशहूर 'लॉटरी किंग' कहे जाने वाले कारोबारी सैंटियागो मार्टिन की पत्नी हैं। उन्होंने 2026 में पहली बार चुनाव लड़ा और तिरुचिरापल्ली जिले की लालगुडी सीट से AIADMK उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की। उन्होंने TVK उम्मीदवार केयू पा कृष्णन को 2,739 वोटों से हराया। लीमा रोज को कुल 60,795 वोट मिले थे।
लीमा रोज मार्टिन के परिवार की कुल संपत्ति कितनी है?
हलफनामे के मुताबिक, लीमा रोज मार्टिन के परिवार के पास हजारों करोड़ की चल और अचल संपत्ति है।
- लीमा रोज मार्टिन (स्वयं): चल संपत्ति 139.62 करोड़ रुपये, अचल संपत्ति 909.94 करोड़ रुपये
- सैंटियागो मार्टिन (पति): चल संपत्ति 3,262.01 करोड़ रुपये, अचल संपत्ति 887.36 करोड़ रुपये
- जोस डायसन मार्टिन (बेटा): चल संपत्ति 225.56 करोड़ रुपये, अचल संपत्ति 439.21 करोड़ रुपये
यह भी पढ़ें: केरल में 35 मंत्रालय संभालेंगे मुख्यमंत्री वी डी सतीशन, बाकियों को क्या मिला?
लीमा रोज मार्टिन के पास है सोने, चांदी और हीरों का भंडार
- लीमा रोज मार्टिन: 19,233 ग्राम सोना, 1,31,813 ग्राम चांदी, 1,217 कैरेट हीरा और 32 ग्राम प्लैटिनम।
- पति: 281 ग्राम सोना, 20,974 ग्राम चांदी और 9.83 कैरेट हीरा।
- बेटा: 326 ग्राम सोना, 60,380 ग्राम चांदी और 60.42 कैरेट हीरा।
लग्जरी गाड़ियों का बड़ा कलेक्शन
- लीमा रोज मार्टिन: इनके नाम पर 10 गाड़ियां हैं (जिनमें हुंडई क्रेटा, मारुति डिजायर और कई होंडा एक्टिवा शामिल हैं), जिनकी कुल कीमत 1.22 करोड़ रुपये है।
- पति: इनके पास 24 गाड़ियां/मशीनें हैं (जिनमें BMW-530D, फोर्ड मोंडियो, लेक्सस LX 570 के साथ-साथ कई ट्रैक्टर और खुदाई करने वाली मशीनें शामिल हैं), जिनकी कीमत 2.68 करोड़ रुपये है।
- बेटा: इनके पास 4.17 लाख रुपये की तीन रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलें हैं।
