बिहार में महंगाई को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई को लेकर कई सवाल उठाए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) तेजस्वी ने कहा कि मोदी के लिए महंगाई अब डायन नहीं बल्कि महारानी हो गई है। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी महंगाई को डायन बताते थे आज वही महंगाई रूपी महारानी के साथ बैठे हैं और इसे दूर नहीं कर पा रहे हैं।
तेजस्वी ने बयान जारी कर कहा, 'डबल इंजन सरकार की गलत और पूंजीपरस्त नीतियों के कारण देश में महंगाई एक बड़ी समस्या बन चुकी है। मोदी जी की अगुवाई में डबल इंजन सरकार ने जैसे यह तय कर लिया है कि खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल, खाद-बीज, बिजली और गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ाकर किसानों और आम लोगों को परेशान किया जाए।'
यह भी पढ़ें: कर्ज चुकाने के बाद भी 5 लाख रुपये मांगे, शख्स ने झील में कूदकर जान दे दी
उज्ज्वला योजना पर उठाए सवाल
राजद नेता ने कहा, 'डबल इंजन सरकार की नीतियों ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। खाद्य पदार्थों और खाद्य तेल के दाम पहले से ही बढ़े हुए थे अब खाना खरीदने के साथ-साथ खाना पकाना भी महंगा हो गया है। तेल, दाल, चीनी, आलू, प्याज, टमाटर से लेकर रसोई गैस तक की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की परेशानी बढ़ा दी है। चौतरफा महंगाई से गरीबों और मध्यम वर्ग की जेब पर बोझ बढ़ रहा है। ऐसा लगता है कि मोदी और उनकी बीजेपीई कंपनी ने कमर कस ली है कि गरीबों को लूटकर अमीरों को मालामाल करेंगे और आम आदमी का जीना मुश्किल करके ही दम लेंगे।'
तेजस्वी ने केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना का खूब प्रचार किया और इसकी खूब तारीफ की। क्या आज इस सरकार में हिम्मत है कि गांव-गांव जाकर उज्ज्वला योजना की समीक्षा करे और देश को इसकी वास्तविकता बताए। आज हालत यह है कि गरीबों के घर में खाली पड़े सिलेंडर मुंह चिढ़ा रहे हैं। लोग सिलेंडर भरवाने की स्थिति में नहीं हैं। 1100 रुपये में सिलेंडर भरवाना गरीब परिवार की बस की बात नहीं है। सरकार सिर्फ कागजों पर वाहवाही लूट रही है जबकि जमीन पर योजना फेल हो चुकी है।'
तेजस्वी ने बीजेपी के पुराने प्रदर्शनों को याद दिलाते हुए कहा, '2014 में 384 रुपये प्रति रसोई गैस सिलेंडर पर कंधे पर सिलेंडर लेकर प्रदर्शन करने वाले बीजेपीई लोग आज प्रति सिलेंडर की कीमत 1100 रुपये होने के बाद भी सत्ता में बैठे हैं। ये लोग अब गूंगे, अंधे और बहरे ही नहीं बल्कि बेशर्म भी बन चुके हैं।तब महंगाई इन्हें डायन नजर आती थी आज वही महंगाई इनकी महारानी बन गई है। तब ये लोग सड़कों पर उतरते थे आज एसी कमरों में बैठकर गरीबों की मजबूरी पर हंस रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु की जेल में वार्डन पर हमला, 5 कैदियों ने की गला घोंटने की कोशिश
किसानों की बढ़ती परेशानी
नेता प्रतिपक्ष ने कहा, 'केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण किसान भी परेशान हैं। खाद-बीज के दाम बढ़ गए हैं, डीजल महंगा हो गया है और बिजली का बिल भी बढ़ गया है। किसान की लागत लगातार बढ़ रही है लेकिन फसल का सही दाम नहीं मिल रहा है।'
तेजस्वी ने ऐलान किया कि महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और भुखमरी के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। राजद चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने कहा, 'पार्टी गरीबों, किसानों और आम लोगों की आवाज उठाती रहेगी और सरकार को महंगाई पर जवाब देना होगा।' तेजस्वी के इस बयान के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। बीजेपी ने उनके आरोपों को बेबुनियाद बताया है वहीं राजद कार्यकर्ताओं ने इसे आम लोगों से जुड़ा मुद्दा बताया है।
