मणिपुर के कांगपोकली जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने बुधवार की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। यहां कुकी चर्च से जुड़े तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वहीं चार अन्य लोग घायल हैं। पुलिस के मुताबिक संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमले को अंजाम दिया है। 

 

यह घटना कोटजिम और कोटलेन गांव के बीच हुई। मृतक थादौ बैपटिस्ट एसोसिएशन (TBA) से जुड़े थे और चुराचांदपुर जिले से लौट रहे थे। सभी लोग दो अलग-अलग गाड़ियों में सवार थे। यह सभी लोग एक अंतर-धार्मिक सम्मेलन में भाग लेने गए थे।

 

यह भी पढ़ें: विजय को पलटना पड़ा अपना फैसला, OSD के पद पर ज्योतिषी की नियुक्ति क्यों की रद्द?

 

उधर, मणिपुर पुलिस को दो जिलों में बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया कि एक उग्रवादी को इंफाल पश्चिम जिले के कंचिपुर सुपरमार्केट और दूसरे को इंफाल पूर्व जिले के चेकॉन क्रॉसिंग से पकड़ा गया है। बाकी दो उग्रवादियों को इन्हीं दो जिलों के लैंगोल लैमनाई और नोंगदा मखा लेइकाई से गिरफ्तार किया गया है। 

 

यह भी पढ़ें: सैकड़ों करोड़ का मुनाफा, पेपर कराने में बार-बार फेल, चौतरफा घिरी NTA की कहानी

 

बता दें कि इससे पहले सोमवार को सुरक्षा बलों ने बिष्णुपुर जिले के मोइरांग पुलिस थाना क्षेत्र के त्रोंगलाओबी मानिंग गुरुखाना इलाके से विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। इसके अलावा वायरलेस कंट्रोल रिले स्विच वाला एक आईईडी, पांच बैटरियां, बारूद से भरी छह प्लास्टिक की थैलियां, 12.75 मीटर लाल तार और दो डेटोनेटर भी मिले थे।

 

 

सीएम ने की घटना की निंदा

मणिपुर के सीएम युमनाम खेमचंद सिंह ने कहा कि मैं आज सुबह कांगपोकपी जिले के कोटलेन और कोटजिम इलाकों में आम लोगों पर हथियारबंद बदमाशों की गोलीबारी की कायरतापूर्ण आतंकी हरकत की कड़ी निंदा करता हूं। इसमें तीन बेगुनाह आम लोगों की मौत हुई है और चार अन्य घायल हो गए हैं। उन चार घायलों में से तीन को इलाज के लिए इंफाल के शिजा हॉस्पिटल्स एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट ले जाया गया।

राज्य सरकार घायलों के सभी मेडिकल खर्च उठाएगी और मैंने अधिकारियों को यह पक्का करने का निर्देश दिया है कि उन्हें सबसे अच्छी देखभाल मिले। हिंसा की यह हरकत न केवल परिवारों के लिए बल्कि पूरे प्रदेश के लिए बहुत परेशान करने वाली और विनाशकारी है, क्योंकि यह शांति के हमारे रास्ते में रुकावट बन रही है।

 

उधर, मणिपुर के डिप्टी सीएम लोसी दिखो ने कहा, 'यह घटना स्वीकार्य नहीं है। हम आम लोगों पर इस तरह का हमला देखकर बहुत हैरान हैं। यह बहुत निंदनीय है।'