उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक बार फिर दिल दहला देने वाली सामूहिक हत्या की वारदात सामने आई है। यमुनानगर के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में सोमवार देर रात एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं लापरवाही के आरोप में रामनगर पुलिस चौकी के दरोगा राम विलाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, वारदात सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे हुई। आरोप है कि तीन से चार हमलावर धारदार हथियार लेकर घर में घुसे और सो रहे लोगों पर हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए पीड़ित घर से बाहर भागे लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटनास्थल की स्थिति देखकर पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने पीड़ितों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और फिर धारदार हथियारों से हमला कर हत्या की। गांव में फैले खून के निशान और शवों की स्थिति घटना की भयावहता बयां कर रही थी।
यह भी पढ़ें: 'मां बुला रही है', धोखे से कॉल किया, फिर गैंगरेप, मुजफ्फनगर में युवती से दरिंदगी
तीन शव मिलने से मचा हड़कंप
मृतकों की पहचान अमरावती देवी , इंद्रावती देवी और श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू गुप्ता के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे। पुलिस के अनुसार तीनों शव घर से करीब 20 मीटर की दूरी पर मिले हैं। घटना के समय घर में मौजूद श्यामलाल की पत्नी फूलकली भी थीं लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई। इसी बिंदु को लेकर पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
परिजन ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी। इसी वजह से पुलिस पुराने विवाद और धमकी के एंगल की भी जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों का आरोप है कि घटना पूर्व नियोजित थी और हमलावर विशेष तौर पर परिवार को निशाना बनाने पहुंचे थे।
प्रेम प्रसंग का एंगल आया सामने
मृतक परिवार के परिजनों के मुताबिक, गांव का एक युवक इसी परिवार की युवती से शादी करना चाहता था। परिवार इसके लिए तैयार नहीं था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी रंजिश में युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां प्रेम प्रसंग, रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: मिठास कम, खुशबू ज्यादा, 'मोदी मैंगो' बाजार में आने के लिए तैयार
ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस, एसओजी, क्राइम ब्रांच, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को जांच में लगाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. अजय पाल शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
खुलासे के लिए कई टीमें सक्रिय
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। पुलिस का दावा है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।प्रयागराज का यह तिहरा हत्याकांड पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों की निर्मम हत्या ने कानून-व्यवस्था और ग्रामीण सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
