महाराष्ट्र के पुणे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। तीनों लोग घर पर ही बेहोश मिले। अस्पताल पहुंचने से पहले ही शख्स ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आत्महत्या का शक जताया है। अधिकारियों का कहना है कि आशंका है कि आर्थिक तंगी में आकर यह कदम उठाया गया हो। घटना पुणे के पिंपरी इलाके की है। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। 

 

मृतकों की पहचान 50 वर्षीय विनोद पिल्लई, 45 वर्षीय उनकी पत्नी सिरजा पिल्लई और 19 वर्षीय बेटी पूर्णिमा पिल्लई के तौर पर हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विनोद ने आईआईएम अहमदाबाद से कंप्यूटर सांइस में पढ़ाई की थी। उनकी पत्नी भी एक स्कूल में को-ऑर्डिनेटर थी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही विनोद ने दम तोड़ दिया। पत्नी और बेटी को आईसीयू में भर्ती कराया गया। हालांकि उनकी भी जान नहीं बचाई जा सकी। 

 

यह भी पढ़ें: पप्पू यादव के ऊपर हमला, चाकू लेकर पहुंचा शख्स; समर्थकों ने पीटा

सोडियम नाइट्रेट से की आत्महत्या!

संत तुकाराम थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि एक सुसाइड नोट मिला है। इसके अलावा सोडियम नाइट्रेट का कंटेनर भी मिला है। पुलिस ने बताया कि कमरे में रसायन को जलाया गया। धुआं भरने से सभी की तबीयत बिगड़ी। कुछ दिन पहले विनोद ने इसे ऑनलाइन मंगवाया था। 

सुसाइड नोट में विनोद ने क्या लिखा?

सुसाइड नोट में विनोद पिल्लई ने खौफनाक कदम के पीछे आर्थिक संकट को वजह बताया। उसने लिखा कि आर्थिक परेशानियों से यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुआ हूं। किसी और को इसका जिम्मेदार न ठहराया जाए।

 

पुलिस के मुताबिक परिवार ने तीन साल पहले नेहरू नगर स्थित अपना घर बेच दिया था। काफी समय से पूरा परिवार भारी कर्ज से जूझ रहा था। घर बेचने के बाद विनोद अपने परिवार के साथ मोरवाड़ी में एक किराए के कमरे में थे। 

 

यह भी पढ़ें: पत्नी ने मांगा तलाक, शख्स ने दे दी जान; पिता ने जताया हत्या का शक

कैसे खुला मामला?

जब उनकी पत्नी काम पर नहीं गई तो उनके साथी कर्मचारियों ने संपर्क करने की कोशिश की। मगर बात नहीं हो सकी। इसके बाद उनके रिश्तेदारों से बात की। इसके बाद रिश्तेदार विनोद के कमरे पर पहुंचे तो मामले का खुलासा हुआ।