झारखंड के बोकारो जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने पड़ोस में रहने वाले परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान राजू सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी हिंसक व्यवहार कर चुका है। वह शराब का आदी और मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
घटना बोकारो जिले के कुकुरलिलवा गांव की है। आरोपी ने सबसे पहले जानकी महातो पर कुल्हाड़ी से हमला किया। वह अपने खेत जा रहे थे। शोर-शराबा सुनकर महतो की पत्नी सुगिया देवी बचाने पहुंची तो आरोपी ने उन पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी की मौके पर ही जान चली गई।
यह भी पढ़ें: 'सरकार के दरवाजे सबके लिए खुले', छात्र आंदोलन पर बोले CM सोरेन
बिना रंजिश किया हमला
45 वर्षीय बहू गौरी देवी भी जब अपने सास-ससुर को बचाने पहुंची तो आरोपी ने कुल्हाड़ी से उस पर भी वार कर दिया। गौरी को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बोकारो सदर अस्पताल में तीनों के शवों को भिजवा दिया है, जहां पर पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच किसी भी प्रकार की कोई दुश्मनी नहीं थी।
पत्नी पर भी हमला कर चुका आरोपी
ग्रामीणों का कहना है कि आपस में कोई विवाद नहीं था। आरोपी ने अकारण ही परिवार पर हमला किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी राजू सिंह ने कुछ दिन पहले ही अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। अपने माता-पिता को भी घर से निकाल चुका है। मौजूदा समय वह घर पर अकेले ही रहता था।
यह भी पढ़ें: हज सब्सिडी में 10000 बढ़ाए, गिफ्ट के लिए 812 करोड़, तमिलनाडु बजट की खास बातें
आरोपी ने गर्दन पर किया वार: एसपी
बोकारो के पुलिस अधीक्षक (SP) नाथू सिंह मीणा ने बताया कि आरोपी ने जानकी महतो के सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला करके गंभीर तौर पर घायल कर दिया। जब उनकी पत्नी सुगिया देवी बचाने को दौड़ी तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। बचाने पहुंची बहू पर भी आरोपी ने वार किया। तीनों की मौत हो गई है।
