टीवी अभिनेत्री अदिती शर्मा ने अपने पति और ससुराल वालों पर घरेलू हिंसा का गंभीर लगाया आरोप है। उन्होंने 30 जुलाई को अपने पति, सास और ननद के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई है। अदिति शर्मा की शिकायत के आधार पर मुंबई के गोरेगांव पुलिस ने FIR दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
अभिनेत्री ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि तीनों ने उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है। साथ ही अदिति ने आरोप में कहा है कि तीनों ने घरेलू हिंसा, मारपीट, गाली-गलौज, कैरेक्टर पर सवाल उठाए और शादी के गहने ले लिए।
यह भी पढ़ें: T सीरीज और जी म्यूजिक ने सोनू निगम को बैन क्यों किया? खुद किया खुलासा
किन धाराओं में हुई FIR?
पुलिस ने 29 साल की अदिति शर्मा के पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक और ननद कीर्ति कौशिक के खिलाफ कॉमन इंटेंशन, भरोसा तोड़ना, जानबूझकर बेइज्जती करना पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा शादीशुदा महिला के खिलाफ की गई क्रूरता के तहत केस दर्ज किया है। गोरेगांव के एक पुलिस अधिकारी ने FIR दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि असिस्टेंट इंस्पेक्टर अमिता मराठे मामले की जांच कर रही हैं।
ऑनलाइन एक्टिंग क्लास के दौरान हुई दोस्ती
शिकायत में अदिति शर्मा ने कहा मैं अपने पति से जून 2021 में ऑनलाइन एक्टिंग क्लास के दौरान मिली थी। हम दोस्त बन गए और हमारी दोस्ती बाद में प्यार में बदल गई। सितंबर 2024 से हम दोनों गोरेगांव में एक किराए के घर में दो-तीन साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे। दोनों के परिवारों की सहमति से हमने 12 नवंबर, 2024 को गोरेगांव में मेरे परिवार के किराए के घर में शादी कर ली। इस शादी का छोटा-मोटा खर्च हम दोनों ने उठाया। शादी के दो-तीन दिन बाद मेरे माता-पिता दिल्ली लौट आए। उस समय मेरी सास और मेरी ननद मेरे साथ थीं।
यह भी पढ़ें: 'सॉरी ऋतिक' ट्रेंड पर कंगना को गुस्सा क्यों आया है?
कपड़ों को लेकर होने लगी बहस
शिकायत के मुताबिक अदिति ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिनों बाद ही उनके पति का बर्ताव बदल गया। उन्होंने दावा किया कि उनके कपड़ों और दूसरी छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर बहस होने लगी थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घर के खर्चों में योगदान देने के बजाय, उनके पति उनसे ही पैसे लेते थे।
बहस गाली-गलौज में बदली
शिकायत में यह भी कहा गया है कि 1 जनवरी 2025 को कॉफी को लेकर हुई बहस गाली-गलौज में बदल गई। इस घटना के बाद, अदिति ने आरोप लगाया कि उनके पति उनके कैरेक्टर पर शक करने लगे, उन पर अफेयर का आरोप लगाया, अक्सर उनका मोबाइल फोन चेक करते थे और आखिरकार अलग कमरे में सोने लगे।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें अपने माता-पिता से बात करने से रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया है कि ससुरालवालों ने उनके गहने वापस नहीं किए हैं।
