उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में 21 साल पुरानी हत्या की रंजिश में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे टहलने निकले 48 वर्षीय वेदराम को उसके पड़ोसी नंदराम के दो बेटों और चाचा ने घेर लिया। आरोप है कि तीनों ने धारदार हथियार से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल वेदराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने दोनों सगे भाइयों रामदेव और श्यामदेव को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उनका चाचा श्रीदेव फरार है।

 

मामला जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर पूरनपुर क्षेत्र के बिलहरी गांव का है। हत्या की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार की ओर से आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही पूरे मामले की जांच कर रही है।

2005 में घूरे के विवाद में हुई थी नंदराम की हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि वेदराम और नंदराम के परिवारों के बीच करीब 21 साल से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। वर्ष 2005 में घूरे को लेकर वेदराम और उसके पड़ोसी नंदराम के बीच विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद वेदराम पर नंदराम की हत्या का आरोप लगा था। इस मामले में वेदराम समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।

 

यह भी पढ़ें: सुल्तानपुर में डबल मर्डर से सनसनी, टीचर और उनकी पत्नी को काट डाला


कोर्ट से सजा मिलने के बाद वेदराम ने करीब पांच साल जेल में बिताए और वर्ष 2012 में जेल से बाहर आया। उसके जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश बनी रही। आरोप है कि नंदराम के परिवार के लोग वेदराम से बदला लेने की फिराक में थे।

टहलने निकले थे वेदराम, रास्ते में घेरकर हमला

वेदराम किसान था और रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब 5 बजे टहलने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि जब वह नंदराम के घर के सामने पहुंचे, तभी वहां मौजूद नंदराम के दोनों बेटे रामदेव (28) और श्यामदेव (27) तथा उनके चाचा श्रीदेव (50) ने उसे घेर लिया। वेदराम कुछ समझ पाते, इससे पहले ही तीनों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोप है कि उनके सिर और शरीर पर लगातार कई वार किए गए। हमले में वेदराम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी हिमांशु गौरव और सीओ पूरनपुर विधि भूषण मौर्य ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों और मृतक के परिवार से घटना की जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वेदराम की हत्या के आरोप में नंदराम के दोनों बेटों रामदेव और श्यामदेव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उनका चाचा श्रीदेव फरार बताया जा रहा है। मृतक के परिवार की ओर से आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: जूतों की माला, मूंछ-सिर मुंडवाया, तीसरे पति का पत्नी ने किया बुरा हाल

परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा

वेदराम के परिवार में पत्नी माधुरी देवी, दो बेटियां पुष्पा और अनीता तथा एक बेटा सौरभ है। बड़ी बेटी पुष्पा की शादी हो चुकी है। वेदराम चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका घर नंदराम के घर से करीब 400 मीटर की दूरी पर बताया गया है।सीओ पूरनपुर विधि भूषण मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया रंजिश में हत्या का आरोप है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।