उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शृंगवेरपुर धाम के पास हाल ही में बनाया गया राम वन गमन पथ लोकार्पण से पहले धंस गया है। यह सड़क एक नहीं बल्कि कई जगहों से धंस गई है, जिससे साफ पता चल रहा है कि इसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया है। खास बात यह है कि सड़क को बनाने में थोड़ी बहुत नहीं बल्कि 4,400 करोड़ रुपये का खर्च आया है।

 

इस बीच उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का इसको लेकर अजीबोगरीब बयान सामने आया है। केशव यह कहते हुए दिखाई दिए जैसे 4,400 करोड़ की लागत से बनी सड़क का लोकार्पण से पहले धंसना कोई बड़ी बात नहीं।

'सड़क बनेगी को धंसेगी'

यूपी में पत्रकारों ने उप मुख्यमंत्री केशव से जब सड़क के धंसने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, 'अरे यार सड़क बनेगी को धंसेगी... धंसेगी तो बनेगी। यह तो सामान्य प्रक्रिया है। अगर बरसात इतनी होगी तो सड़क क्या बड़े-बड़े पुल... अभी नेपाल में इतनी बड़ी बाढ़ आई पुल के पुल बह गए। वो अलग बात है...'

 

 

 

दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे

उन्होंने आगे कहा कि अगर सड़क की कहीं कोई गुणवत्ता खराब होगी तो उसकी जांच करला कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। साथ ही कहा कि सड़क धंसी तो उसका सुधार करेंगे। 

सड़क के बारे में जानें

बता दें कि उत्तर प्रदेश में अयोध्या से चित्रकूट तक 210 किलोमीटर लंबा राम वनगमन पथ बनाया जा रहा है। जिन रास्तों से होकर भगवान श्रीराम वनवास गए थे, उस रास्ते से होकर फोरलेन हाईवे बनाया जा रहा है। मगर, हाइवे के शुरू होने से पहले ही प्रयागराज के शृंगवेरपुर में धंस गया। हाइवे के धंसने वाली फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर की जा रही है।

 

सोशल मीडिया पर आ रही जानकारी के मुताबिक, हाइवे दर्जनों जगह धंस गया है। इसमें एक से डेढ़ फीट तक दरारें आ गई हैं।