राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतकर देश और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों पर प्रदेश सरकार धनवर्षा करने जा रही है। शासनादेश के अनुसार राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली अस्मिता डे और एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले गुलवीर सिंह को राजपत्रित अधिकारी बनाया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले सात खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए जल्द ही पुरस्कार और सम्मान समारोह आयोजित कराएंगे। खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री से समय मिलते ही समारोह आयोजित कर खिलाड़ियों को शासनादेश के अनुसार पुरस्कृत किया जाएगा।

 

भारत को जूडो में पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाली अस्मिता डे को प्रदेश सरकार डेढ़ करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देगी। यूपी पुलिस में गाजियाबाद में तैनात अस्मिता को 23 जुलाई का स्टार को जूडो का प्रमोशन भी दिया जाएगा। सरकार ने उन्हें राजपत्रित अधिकारी बनाने का फैसला किया है। अस्मिता के स्वर्ण पदक ने राष्ट्रमंडल खेलों में भारत और यूपी दोनों का गौरव बढ़ाया है। एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले गुलवीर सिंह ने दो पदक जीतकर इतिहास रचा है। उन्होंने 10 हजार मीटर दौड़ में रजत पदक जीता, जिसके लिए उन्हें 75 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं पांच हजार मीटर में कांस्य पदक जीतने पर उन्हें 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। दोनों पदकों के लिए गुलवीर सिंह को कुल 1.25 करोड़ रुपये मिलेंगे। 

 

यह भी पढ़ें: BJP विधायक ज्ञान तिवारी के दामाद पर 25 महिलाओं से शादी का आरोप

सात खिलाड़ियों को पांच-पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि

सरकार ने सिर्फ पदक विजेताओं को ही नहीं, बल्कि राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित करने का फैसला किया है। सात खिलाड़ियों को पांच-पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इनमें मेरठ की एथलीट प्रियंका गोस्वामी ने 10 किमी वॉक में प्रतिभाग किया। जौनपुर के रोहित यादव ने जेवलिन थ्रो में हिस्सा लिया। मेरठ की एथलीट पारुल चौधरी ने 5000 मीटर और 3000 मीटर स्टीपल चेज में प्रतिभाग किया। 

 

अलीगढ़ की एथलीट नीरू पाठक और आगरा के बॉक्सर आदित्य प्रताप यादव को भी पांच-पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।इन खिलाड़ियों के लिए जल्द ही सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि देंगे और पदक विजेताओं को राजपत्रित अधिकारी बनाने की घोषणा भी की जाएगी।

2022 में यूपी के 19 खिलाड़ियों ने लिया था हिस्सा

23 जुलाई से 2 अगस्त तक हुए राष्ट्रमंडल खेलों में इस बार यूपी से खिलाड़ियों की संख्या घटकर 10 रह गई, जबकि वर्ष 2022 के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदेश के 19 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।बर्मिंघम में यूपी के खिलाड़ियों ने कुल चार रजत और चार कांस्य पदक जीते थे। इन पदक विजेताओं में प्रियंका गोस्वामी ने एथलेटिक्स की 10 किमी वॉक में रजत पदक, ललित उपाध्याय ने हॉकी टीम गेम में रजत, मेघना सिंह और दीप्ति शर्मा ने क्रिकेट टीम गेम में रजत पदक हासिल किया था। वहीं अन्नू रानी ने एथलेटिक्स के जेवलिन थ्रो में कांस्य, दिव्या काकरान ने कुश्ती फ्रीस्टाइल में कांस्य, विजय यादव ने जूडो में कांस्य और वंदना कटारिया ने हॉकी टीम गेम में कांस्य पदक जीता था।

 

यह भी पढ़ें: अतीक अहमद के गुर्गों ने 20 साल पहले क्या किया था कि फंस गए आजम खान?

कई खिलाड़ियों ने किया था यूपी का प्रतिनिधित्व

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में यूपी की ओर से सीमा पुनिया, सरिता रोमित सिंह, रोहित यादव (एथलेटिक्स), पूनम यादव, पूर्णिमा पांडेय (वेटलिफ्टिंग) और विश्वनाथ यादव (तैराकी) समेत खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। सरकार का मानना है कि खिलाड़ियों को आर्थिक प्रोत्साहन और सरकारी सम्मान मिलने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वह आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।

खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव के मुताबिक मुख्यमंत्री से समय मिलते ही खिलाड़ियों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समारोह में पदक विजेताओं को पुरस्कार राशि देने के साथ उन्हें राजपत्रित अधिकारी बनाए जाने की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार का जोर खिलाड़ियों को सम्मान देने के साथ-साथ प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर है।