उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग में सरकारी खजाने को बड़ा चूना लगाने का मामला सामने आया है। मीर्जापुर  नहर प्रखंड में फर्जी कर्मचारियों के नाम पर 168.47 करोड़ रुपये के संदिग्ध भुगतान किए जाने का खुलासा हुआ है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिन लोगों के नाम पर वेतन, एरियर और दूसरे मदों में भुगतान दिखाया गया, उनमें कई का संबंधित विभागीय खंड से कोई संबंध ही नहीं था। ऑडिट रिपोर्ट में 134 संदिग्ध बैंक खातों की पहचान की गई है। इन खातों में सरकारी खजाने से रकम भेजी गई और कुछ मामलों में पैसा पहुंचते ही दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिया गया।

 

ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2025 से सितंबर 2026 के बीच विभागीय कर्मचारियों के बजाय दूसरे लोगों के बैंक खातों में भुगतान किया गया। जांच में ऐसे 134 संदिग्ध बैंक खाते मिले हैं, जिनमें कई बार सरकारी खजाने से रकम भेजी गई। कुछ खातों में पैसा पहुंचने के तुरंत बाद दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिया गया। इससे आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे खेल में सिंचाई विभाग के साथ कोषागार के कुछ अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'राहुल कहेंगे तो नहीं लडूंगा चुनाव', पंजाब कांग्रेस की मीटिंग में क्या हुआ?

सातवें वेतन आयोग का एरियर भी दोबारा निकाला

घोटाले में सबसे गंभीर गड़बड़ी सातवें वेतन आयोग के एरियर के भुगतान में सामने आई है। जिन वास्तविक कर्मचारियों को वर्ष 2019-20 तक एरियर दिया जा चुका था, उन्हीं के नाम पर वर्ष 2025-26 और 2026-27 में दोबारा भुगतान दिखाया गया। ऑडिट में पाया गया कि कई ऐसे लोगों के नाम पर भी बिल तैयार किए गए, जिनकी संबंधित खंड में तैनाती ही नहीं थी।इतना ही नहीं, कुछ मामलों में कर्मचारियों की वेतनवृद्धि रोकने और बाद में उसे बहाल करने के फर्जी आदेश तैयार किए गए। इन्हीं आदेशों के आधार पर एरियर की गणना कर भुगतान कराया गया। जांच में इन आदेशों और कर्मचारियों के विभागीय रिकॉर्ड पर भी सवाल उठे हैं।

46 करोड़ की जरूरत, खर्च दिखाए 80.83 करोड़

ऑडिट में बजट आवंटन को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। सितंबर 2026 में संबंधित खंड के 519 कर्मचारियों और अधिकारियों का मासिक वेतन करीब 3.78 करोड़ रुपये था। इसके आधार पर सालाना वेतन की जरूरत लगभग 45 से 46 करोड़ रुपये आंकी गई। इसके बावजूद वित्तीय वर्ष 2025-26 में 80.83 करोड़ रुपये खर्च दर्ज किए गए।


रिपोर्ट के अनुसार ग्रांट-95 का बजट भी लगातार बढ़ता रहा। वर्ष 2020-21 में करीब 67.42 करोड़ रुपये का बजट था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 127.65 करोड़ रुपये पहुंच गया। ऑडिट में जरूरत से अधिक बजट की मांग और आवंटन में भी मिलीभगत की आशंका जताई गई है।

बिजली मद में भी 16.19 करोड़ रुपये का भुगतान

जांच में एक और चौंकाने वाली गड़बड़ी सामने आई है। डीडीओ स्तर से बिजली मद में 16.19 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि यह भुगतान लखनऊ से किया जाना था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब भुगतान की जिम्मेदारी दूसरे स्तर पर थी तो संबंधित अधिकारी ने इतनी बड़ी रकम किस आधार पर खर्च कर दी।लघु डाल नहर खंड में सींचपाल के 32 और सींचपाल पर्यवेक्षक के पांच पद स्वीकृत थे, लेकिन वास्तव में केवल 14 कर्मचारी ही कार्यरत थे। इसके बावजूद अधिक कर्मचारियों को दर्शाकर एरियर के बिल तैयार किए गए और भुगतान कराया गया।

जांच के दायरे में अधिकारी और कर्मचारी

मीरजापुर में सिंचाई विभाग के लघु डाल नहर प्रखंड में संदिग्ध एरियर भुगतान का मामला सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर जांच शुरू हुई। इसके बाद ऑडिट टीम ने वित्तीय लेनदेन की विस्तृत पड़ताल की। जांच का दायरा बढ़ने पर करीब 168.47 करोड़ रुपये के संदिग्ध भुगतान का मामला सामने आया। अब जांच में भुगतान की मंजूरी देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: 28 साल पुराना केस, पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल को 3 साल की जेल, 36 हजार जुर्माना

विभागाध्यक्ष क्या बोले?

सिंचाई विभाग के विभागाध्यक्ष संदीप कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 168.47 करोड़ रुपये के इस कथित घोटाले में किन-किन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है और सरकारी खजाने से निकाली गई रकम की वसूली कब तक हो पाती है।