उत्तर प्रदेश के जिला शामली में विजिलेंस की मेरठ सेक्टर टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा सहायक लिपिक सद्दाम को 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों पर खनन से जुड़े एक ऑनलाइन आवेदन को आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने खनन अधिकारी के कार्यालय और सरकारी आवास पर तलाशी ली, जहां से कुल करीब 71 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

सतर्कता विभाग के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने 2 सितंबर 2026 को गाटा संख्या 163 एमएल/64340 में करीब 40 हजार घन मीटर बालू खनन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था।  आवेदन जिला खनन अधिकारी के स्तर पर लंबित था और उसे उच्चाधिकारी को ऑनलाइन भेजा जाना था।शिकायतकर्ता जब अपनी फाइल आगे बढ़वाने के लिए जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह से मिला तो आरोप है कि उन्होंने अपने पास खड़े संविदा कर्मचारी सद्दाम से मिलने को कहा। इसके बाद 14 सितंबर को शिकायतकर्ता सद्दाम से मिला। आरोप है कि सद्दाम ने फाइल आगे बढ़ाने के बदले एक लाख रुपये से अधिक खर्च होने की बात कही।

 

यह भी पढ़ें: ढाई हजार से हुई शुरुआत, 2.5 करोड़ की चोरी, राम मंदिर केस में आई चार्जशीट

सरकारी फीस जमा थी, फिर भी रिश्वत का आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक उसने खनन की सरकारी फीस पहले ही जमा कर दी थी। इसके बावजूद उससे अतिरिक्त रकम की मांग की गई। शिकायत के अनुसार, जिला खनन अधिकारी के SBI खाते में रकम जमा करने के साथ ही सद्दाम और उसके सहयोगी को नकद रुपये देने की बात कही गई।इसके बाद शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय सतर्कता अधिष्ठान से संपर्क किया। शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की।

50 हजार ऑनलाइन जमा, 85 हजार लेते दबोचे

24 सितंबर को शिकायतकर्ता ने जिला खनन अधिकारी के खाते में 50 हजार रुपये ऑनलाइन जमा किए। इसके बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर सुधाकर सिंह और सद्दाम को कुल 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: 17 करोड़ जाली करेंसी का पाकिस्तानी कनेक्शन, 3 आरोपी रिमांड पर भेजे गए

ऑफिस से 8 लाख, घर से 63 लाख कैश

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने खनन अधिकारी के कार्यालय और सरकारी आवास की तलाशी ली। कार्यालय से करीब 8 लाख रुपये नकद, जबकि आवास से करीब 63 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इस तरह कुल करीब 71 लाख रुपये कैश बरामद किया गया।भारी मात्रा में नकदी मिलने के बाद विजिलेंस टीम रकम लेकर थाने पहुंची। वहां नोटों की गिनती की गई और बाद में मशीन से भी नकदी गिनी गई। मामले में विजिलेंस की जांच जारी है और बरामद रकम के स्रोत समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।