उत्तर प्रदेश के जिला गौतम बुद्ध नगर के नोएडा में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अमेरिका से भारत आए 62 वर्षीय बुजुर्ग वकील को साइबर ठगों ने 21 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखकर करीब 3 करोड़ 80 लाख रुपये ठग लिए। जालसाजों ने खुद को सीबीआई और एनआईए का अधिकारी बताकर बुजुर्ग को पहलगाम आतंकी हमले से जोड़ दिया। उन्हें धमकी दी गई कि उनके नाम से खुले बैंक खाते के जरिए आतंकियों को 53 करोड़ रुपये भेजे गए हैं और इसके बदले उन्हें पांच करोड़ रुपये कमीशन मिला है। गिरफ्तारी और गंभीर कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर ठगों ने उनकी भारतीय ही नहीं, अमेरिका में जमा रकम पर भी हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने नोएडा साइबर थाना पुलिस के साथ अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई में भी शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित अतुल तलवार गुड़गांव में रहते हैं। वह पिछले महीने नोएडा के सेक्टर-30 स्थित अपनी दिवंगत मां के घर का नवीनीकरण कराने आए थे। इसी दौरान 16 अक्टूबर को उनके पास एक फोन कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई के कोलाबा थाने का पुलिसकर्मी बताया और कहा कि उनका आधार कार्ड पहलगाम आतंकी हमले से जुड़े मामले की जांच में सामने आया है। अतुल ने जब इन आरोपों को गलत बताया तो ठगों ने उनकी बात कथित साइबर पुलिस अधिकारी से कराई। उसने तुरंत गिरफ्तारी की धमकी दी। इसके बाद उन्हें 24 घंटे वीडियो और ऑडियो कॉल के जरिए निगरानी में रखा जाने लगा। इस दौरान उन्हें किसी से बात करने और मामले की जानकारी साझा करने से भी रोका गया।
हथियारबंद लोगों की गिरफ्तारी दिखाकर बढ़ाया डर
ठगों ने पीड़ित को अपने जाल में फंसाए रखने के लिए पूरी कहानी तैयार की थी। 18 अक्टूबर को उन्हें दो लोगों की गिरफ्तारी का वीडियो दिखाया गया। दावा किया गया कि हथियारों से लैस ये लोग उनके घर के पास पकड़े गए हैं और इनका संबंध आतंकी संगठनों से है। ठगों ने अतुल को समझाया कि मामला बेहद गंभीर है और उनकी संपत्ति की जांच होनी जरूरी है। लगातार गिरफ्तारी और आतंकी गतिविधियों में नाम आने का डर दिखाकर उन्हें मानसिक दबाव में रखा गया।
यह भी पढ़ें: गहने लूटे, फिर नानी-नाती की हत्या, बदायूं में दोहरे हत्याकांड से हड़कंप
RBI में 98 प्रतिशत संपत्ति जमा कराने का फरमान
पीड़ित के ज्यादातर बैंक खाते अमेरिका में थे। ऐसे में ठगों ने उनसे अमेरिकी नंबर से नया वॉट्सऐप अकाउंट बनवाया और नया मोबाइल फोन खरीदने को कहा। 19 अक्टूबर को उन्होंने नया फोन खरीदा और वॉट्सऐप अकाउंट बनाया। इसके बाद 21 अक्टूबर को उन्हें एक कथित सरकारी पत्र भेजा गया, जिसमें अपनी 98 प्रतिशत संपत्ति भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पास जमा कराने का निर्देश दिया गया था।
ठगों के निर्देश पर अतुल एक्सिस बैंक पहुंचे। वहां उनकी 10-10 लाख रुपये की दो एफडी तुड़वाई गईं और करीब 18 लाख रुपये एक ऐसे बैंक खाते में ट्रांसफर करा दिए गए, जिसे ठगों ने आरबीआई का खाता बताया था। बाद में इस खाते में भेजी गई रकम में से चार लाख रुपये पुलिस ने फ्रीज करा दिए।
अमेरिका के बैंक खाते तक पहुंच गए ठग
साइबर ठगों का निशाना सिर्फ भारत में जमा रकम नहीं थी। उन्होंने अमेरिका के सिटी बैंक में जमा अतुल तलवार की रकम भी निकलवाने की साजिश रची। पीड़ित का अपनी बेटी के साथ संयुक्त बैंक खाता भी था, लेकिन ठगों ने उस खाते से छेड़छाड़ नहीं की, ताकि परिवार के किसी सदस्य को शक न हो। इसके बजाय उन्हें सिटी बैंक के इंडिविजुअल रिटायरमेंट अकाउंट (आईआरए) में जमा रकम निकालने को कहा गया।
अतुल ने रकम अपने दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी। जब बैंक के ब्रोकर ने इतनी बड़ी रकम निकालने की वजह पूछी तो उन्होंने भारत में संपत्ति खरीदने की बात कही।इसके बाद ठगों के बताए तरीके से करीब 3 करोड़ 80 लाख रुपये की रकम क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर उनके डिजिटल वॉलेट में भेज दी गई। इस तरह ठगों ने उनकी जिंदगीभर की कमाई पर हाथ साफ कर दिया।
21 दिन बाद टूटा ठगों का संपर्क, तब खुला राज
अतुल तलवार ने 4 नवंबर को ठगों को बताया कि उनके दोस्त की मां का निधन हो गया है और उन्हें गुड़गांव जाना जरूरी है। शुरुआत में ठगों ने उन्हें जाने की अनुमति देने में आनाकानी की, लेकिन बाद में 7 नवंबर को जाने की इजाजत दे दी। 6 नवंबर की रात अचानक उनका फोन कट गया। अतुल को उस समय भी भरोसा था कि उनकी रकम आरबीआई के पास सुरक्षित है। गुड़गांव पहुंचने के बाद उन्होंने ठगों के नंबरों पर 10 से ज्यादा बार फोन किया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद उन्हें शक हुआ। इंटरनेट पर जानकारी जुटाने पर पता चला कि वह डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।
30 साल अमेरिका में की वकालत
अतुल तलवार 1982 में महज 18 साल की उम्र में दिल्ली से न्यूयॉर्क चले गए थे। वहां उन्होंने लेबर यूनियनों के लिए वकील के तौर पर काम किया और करीब 30 साल तक वकालत की। इसी साल सितंबर के मध्य में वह भारत लौटे थे। उनके भाई भी वकील हैं और गुड़गांव में रहते हैं। अतुल ने गुड़गांव में किराये पर मकान लिया था और नोएडा के सेक्टर-30 स्थित अपनी मां के घर का नवीनीकरण करा रहे थे। उनकी योजना जनवरी तक भारत में रहने की थी, जबकि 11 नवंबर को उनकी अमेरिका वापसी की फ्लाइट थी। पीड़ित के बच्चे अमेरिका में रहते हैं। भारत आने से पहले उन्हें यहां डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हो रही इस तरह की साइबर ठगी की जानकारी भी नहीं थी।
यह भी पढ़ें: शाहजहांपुर में नकली नोटों का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, पति-पत्नी समेत 5 गिरफ्तार
नोएडा पुलिस और एफबीआई तक पहुंचा मामला
ठगी का पता चलने के बाद अतुल तलवार ने नोएडा साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई में भी शिकायत की है। साइबर डीसीपी शैव्या गोयल के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। भारतीय बैंक खाते में भेजे गए करीब 18 लाख रुपये में से चार लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं।
इस मामले ने एक बार फिर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर चल रहे साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क की गंभीरता उजागर कर दी है। जालसाज अब पुलिस, सीबीआई और एनआईए जैसी जांच एजेंसियों के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को आतंकवाद और गंभीर अपराधों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। गिरफ्तारी का डर दिखाकर वे लोगों को अपनी ही संपत्ति जांच के नाम पर ठगों के खातों और डिजिटल वॉलेट में भेजने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
