उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न के एक गंभीर मामले में 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने घर की छत से कूदकर जान दे दी। आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहा था। इस मामले में पति और ससुराल के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद भी ससुराल वाले 50 लाख नकद और फॉर्चूनर कार की मांग कर रहे थे।

 

सेंट्रल नोएडा के DCP शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतका, जिसकी पहचान दीपिका के रूप में हुई है। उनकी शादी करीब डेढ़ साल पहले ऋतिक से हुई थी। इकोटेक-3 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दीपिका ने छत से कूदकर आत्महत्या कर ली है। शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

यह भी पढ़ें: 'सड़क नमाज के लिए नहीं, प्यार से मानेंगे तो ठीक, वरना...', CM योगी ने दी चेतावनी

'शादी के बाद से ही शुरू हुई प्रताड़ना'

मृतका के परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से ही दहेज के लिए उसे परेशान किया जाने लगा था। मृतका के पिता संजय ने कहा, 'मेरी बेटी दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा गांव के मनोज के बेटे ऋतिक से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद से ही उसके ससुराल वाले दहेज के लिए उसे परेशान करने लगे। कल ही मैं उनके घर गया था और उनसे बात भी की थी। मेरे वहां से निकलते लगभग आधे घंटे ही हुआ था कि मुझे मनोज का फोन आया। उसने बताया कि मेरी बेटी दीपिका गिर गई है। मैंने उससे पूछा कि क्या वह सीढ़ियों से गिरी है? या बाथरूम में गिर गई? तो उसने कहा कि वह छत से गिर गई है और हम उसे शारदा अस्पताल ले जा रहे हैं। जब हम अस्पताल पहुंचे और उसे देखा तो वह मृत पाई गई। इसके बाद हमने तुरंत पुलिस को सूचना दी। ऐसे लोगों का तो एनकाउंटर होना चाहिए।'

यह भी पढ़ें: कोर्ट में बेटी को गले लगाकर रो पड़े संजीव अरोड़ा, ED रिमांड 2 दिन और बढ़ी

दहेज के लिए ससुराल वालों ने की हत्या

पीड़िता के एक रिश्तेदार ने कहा, 'हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वे हमारी बेटी के साथ ऐसा करेंगे और उसे इस तरह मार डालेंगे। ससुराल वाले उससे 50 लाख रुपये और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग कर रहे थे। दहेज को लेकर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। लड़की बार-बार कहती थी कि उसके पिता इतनी बड़ी रकम नहीं जुटा पाएंगे लेकिन किसी ने उसकी एक बात नहीं सुनी। हम इंसाफ चाहते हैं। हमारी मांग है कि आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। बस हमें हमारी बेटी के लिए न्याय चाहिए।'