उत्तर प्रदेश के जालौन से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर जालौन कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारोभास्कर में एक परिवार का आपसी विवाद शादी में भी दिखाई दिया। परिवार में बेटे की शादी थी लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते उस शादी में चाचा को ही नहीं बुलाया गया। इससे चाचा नाराज हो गए और उन्होंने कुछ ऐसा कर दिया कि अब पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। चाचा ने भतीजे की बारात जाने के बाद पीछे से घर का मेन गेट वेल्डिंग करवाकर सील कर दिया। जब दूल्हा बारात लेकर घर पहुंचा तो दरवाजा सील था।
इस मामले में फिर पुलिस की एट्री भी हुई। पुलिस ने बताया कि मोहब्बत मजीद नाम का युवक अपनी बारात पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ दुल्हन के घर लेकर पहुंचा था। निकाह की सभी रस्में खुशी-खुशी संपन्न हुईं और इसके बाद दूल्हा अपनी दुल्हन नजमा को लेकर घर वापस लौट आया। परिवार के लोग नई बहू के स्वागत की तैयारी में थे और गृह प्रवेश की रस्म का इंतजार कर रहे थे लेकिन घर का दरवाजा सील था।
यह भी पढ़ें: एनकाउंटर मोड में बिहार पुलिस, चार माह में 12 झड़प, 4 अपराधी ढेर
चाचा-चाची थे नाराज
पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते दूल्हे ने अपने चाचा को शादी में नहीं बुलाया था। इस बात से दूल्हे का चाचा और चाची काफी ज्यादा नाराज थे। गुस्से में आकर चाचा ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर दूल्हे के घर का मेन गेल वेल्डिंग से सील कर दिया। इसके साथ ही दरवाजा पर एक ताला भी लगा दिया, जिससे घर में एंट्री पूरी तरह से बंद हो गई।
पुलिस ने खुलवाया दरवाजा
बारात घर के बाहर खड़ी रही लेकिन घर के अंदर नहीं जा पा रही थी। नई नवेली दुल्हन का स्वागत सीलबंद गेट से हुआ। दूल्हे के परिवार ने पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की कोशिशों के बाद वेल्डिंग का दरवाजा कटवाकर खुलवाया गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। इस मामले ने पूरे इलाके का ध्यान आकर्षित किया है। एक पारिवारिक विवाद अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पीड़ित मुहम्मद माजिद ने बताया कि उनके चाचा मुहम्मद अजहर, चाची आयसा उसकी शादी नहीं होना देना चाहते थे। शादी तय हो जाने पर वह नाराज रहते थे इसीलिए पहले भी तोड़फोड़ की कोशिश कर चुके हैं।
