उत्तर प्रदेश के वाराणसी एयरपोर्ट के अंदर रविवार को सुबह करीब 10:30 बजे सुरक्षा जांच के समय एक यात्री की बंदूक से अचानक गोली चल गई। इस हादसे में महिला यात्री समेत 2 लोगों के घायल होने की खबर है। फायरिंग की आवाज सुनते ही एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और यात्री इधर-उधर भागने लगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यात्री आजमगढ़ का रहने वाला है, वह एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जा रहा था। यात्री के पास पिस्टल और मैगजीन थी।
यात्री ने असलहे को डिक्लेयर किया था यानी यात्री ने लिखित रूप से अधिकारियों को बता दिया था कि उसके पास बंदूक है। एयरपोर्ट पर हथियार की जांच के दौरान यात्री से एक राउंड फायर हो गया। जिससे एयरपोर्ट के 2 कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को तुरंत ही ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: जिस NGO को जंगल बचाना था, उसी ने शिकारियों से मिलकर तेंदुए की खाल बेच दी
पत्नी के साथ एयरपोर्ट पहुंचा था यात्री
वाराणसी एयरपोर्ट के डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया कि रविवार सुबह 9:30 बजे यात्री कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट पहुंचे थे। दोनों एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1810 से मुंबई जा रहे थे। उन्होंने अपने साथ हथियार ले जाने की जानकारी पहले ही घोषित कर दी थी।
हथियार की जांच के दौरान यात्री से एक राउंड फायर हो गया, जिससे मौके पर तैनात 2 कर्मचारी घायल हो गए। गया निवासी सुमन की जांघ में और रोहित राज के हाथ में गोली लगी। दोनों को तुरंत न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हाईअलर्ट के बीच हुई घटना
बता दें कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर वाराणसी एयरपोर्ट को 11 से 20 अगस्त तक हाईअलर्ट जोन घोषित किया गया था। इसके बावजूद फायरिंग की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही एडीसीपी गोमती जोन समेत कई पुलिस अधिकारी और इंटेलीजेंस टीम मौके पर पहुंच गई।पुलिस अब यह जांच कर रही है कि गोली गलती से चली या यात्री ने जानबूझकर फायर किया।
इसके अलावा, हथियार से गोली किस परिस्थिति में चली और सुरक्षा जांच प्रक्रिया के दौरान किन नियमों का पालन किया गया, इन सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
