महाराष्ट्र के ठाणे से एक विचलित करने वाली खबर आ रही है। यहां लोगों की एक भीड़ ने पहले महिला की पिटाई की। उसके बाद उसे निर्वस्त्र किया और चप्पलों की माला पहनाकर घुमाया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। चार अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना गुरुवार को ठाणे जिले के उल्हासनगर इलाके में घटी।

 

सेंट्रल थाने के वरिष्ठ निरीक्षक सुनील आवताडे ने बताया कि यह घटना गुरुवार की है। अपराध में कथित तौर पर शामिल चार अन्य लोग फरार हैं और उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि यह घटना मंदिर में दर्शन को लेकर हुई। महिला ने कथित तौर पर देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इससे लोगों का एक समूह भड़क गया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: शादी हुई ससुराल गई, नहीं भूल पाई पुराना प्यार; पंचायत ने कराई राधा-चंदन की शादी

सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज

उल्हासनगर के एसीपी शैलेश काले ने कहा, 'उल्हासनगर थाने विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। यह विवाद एक ही समुदाय के दो परिवारों के बीच मंदिर में प्रवेश को लेकर हुआ। विवाद में शामिल दोनों परिवारों के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: हर 2 घंटे पर खाने की आदत, सेहत के लिए नुकसानदायक है समझिए कैसे?

आपस में रिश्तेदार हैं दोनों पक्ष

पुलिस ने बताया कि यह समुदाय गुब्बारे बेचने का काम करता है। आरोपी पीड़ित महिला के रिश्तेदार हैं। उन्होंने महिला पर देवी-देवताओं के अपमान का आरोप लगाया और कहा कि इसी कारण से महिला को मंदिर में प्रवेश देने से मना कर दिया गया था। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हो चुका है। पुलिस के मुताबिक दो आरोपियों शुक्रवार और एक की गिरफ्तारी शनिवार को हुई।