भारतीय जनता पार्टी (BJP) की विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर के पिता पर जमीन कब्जाने का आरोप लगा था। मामला बिहार के दरभंगा जिले के तरडीह प्रखंड के पोखरभिंडा गांव का है। ग्रामीणों का आरोप है कि मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर ने सरकारी और निजी जमीन पर कब्जा कर वहां निर्माण कराया है। गांव के लोगों का कहना है कि जिस जगह पर मकान बनाया गया है, वहां पहले पूरे समाज के लोग अपने पूर्वजों का श्राद्ध करते थे। अब मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की है। DCLR (डिप्टी कलेक्टर लैंड रिफॉर्म्स) और अंचल अधिकारी (CO) की टीम गांव पहुंची और जमीन की मापी की और निर्माण को हटवा दिया।  

 

प्रशासन को जांच के दौरान सरकारी रास्ते पर पक्का निर्माण मिला। प्रशासन ने निर्माण को अवैध पाया और इस पर कार्रवाई की। कई ग्रामीणों ने मंदिर और सार्वजनिक श्मशान की जमीन पर भी कब्जा करने का आरोप लगाया था। ग्रामीणों ने रमेश ठाकुर पर तिवारी बाबा के मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर और सार्वजनिक श्मशान की जमीन पर भी कब्जा करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने कहा कि रमेश ठाकुर ने श्राद्ध करने की जगह पर मकान बना लिया है। 

'पूर्वजों की समाधि हटाकर फेंक दिया'

गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि मैथिली ठाकुर के परिवार ने घर बनाने के लिए जिस जमीन को लिया, वह सरकारी थी। वहां पूरे समाज के लोग अपने पूर्वजों का श्राद्ध करते थे। ग्रामीण का आरोप है कि उस जगह पर बने पुराने समाधि स्थल को भी हटा दिया गया। उन्होंने कहा, 'वहां पर हमारे पूर्वजों की समाधि थी। उसे भी हटाकर फेंक दिया गया। घर आने-जाने के लिए रास्ता बना लिया और बाउंड्री भी उखाड़ दी। कल CO साहब और DCLR साहब आए थे। उन्होंने कहा कि यह जगह खाली कीजिए, आपने गलत किया है। कुछ जगह खाली हुई है और कुछ अभी बाकी है।'

 

यह भी पढ़ें: एक मंच, एक सोफा और तीन सियासी चेहरे, बिहार की राजनीति में क्यों मची चर्चा?

'आने-जाने का रास्ता भी बंद कर दिया'

एक दूसरे ग्रामीण ने बताया कि उन्हें परिवार के जमीन लेने से कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन उनके आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पोखर तक जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया और वहां बाउंड्री बनाकर गेट लगा दिया गया। ग्रामीण ने कहा, 'इसके बाद हम लोगों पर केस कर दिया गया। पुलिस आती है और रास्ता रोक दिया जाता है। जहां हम लोगों का श्राद्ध होता है, वहां भी जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है। हम क्या कह सकते हैं। पड़ोसी हैं तो पड़ोसी जैसा रहिए।'

 

यह भी पढ़ें: छठ पर CM सम्राट चौधरी ने दिया तोहफा, 14.78 करोड़ से हुआ देव सूर्य मंदिर का विकास

मंदिर और श्मशान की जमीन पर भी कब्जे का आरोप

ग्रामीणों ने रमेश ठाकुर पर तिवारी बाबा के मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर और सार्वजनिक श्मशान की जमीन पर भी कब्जा करने का आरोप लगाया है। इस मामले में गांव के कई लोगों ने अंचल कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल प्रशासन ने सरकारी रास्ते पर बने निर्माण को हटाया है। ग्रामीणों की ओर से लगाए गए दूसरे आरोपों पर कार्रवाई और जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है।