पश्चिम बंगाल सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई सीनियर अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस तबादला एक्सप्रेस में विशेष कार्य बल (STF) के आईजीपी सुधीर कुमार नीलकांतम और इंटेलिजेंस ब्रांच के डीआईजी भोलानाथ पांडेय भी शामिल हैं। सरकार ने अधिसूचना जारी करके यह जानकारी दी है।

 

गृह एवं पहाड़ी मामलों के विभाग की 25 सितंबर की अधिसूचना के अनुसार, 23 आईपीएस और पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा के अधिकारियों के तबादले जनसेवा के हित में किए गए हैं।

नीलकांतम कोलकाता के एडिशनल कमिश्नर नियुक्त

कोलकाता पुलिस में हुए प्रमुख बदलावों के तहत एसटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक सुधीर कुमार नीलकांतम को कोलकाता पुलिस का एडिशनल कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उन्होंने देवेंद्र प्रकाश सिंह का स्थान लिया है। कोलकाता में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेंद्र प्रकाश सिंह को इंटेलिजेंस ब्रांच (उत्तर बंगाल) का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में फिर दिनदहाड़े लड़की से बदसलूकी, समस्तीपुर से तीसरा वीडियो वायरल

भोलानाथ पांडेय संयुक्त आयुक्त ट्रैफिक

वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्रांच में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर तैनात भोलानाथ पांडेय को कोलकाता पुलिस का संयुक्त आयुक्त (यातायात) नियुक्त किया गया है। उन्होंने सूर्य प्रताप यादव की जगह ली है। सूर्य यादव को राज्य इंटेलिजेंस ब्रांच में डीआईजी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पश्चिम बंगाल में डीआईजी (सुरक्षा) के पद पर तैनात सुखेन हीरा को कोलकाता पुलिस का संयुक्त आयुक्त (सुरक्षा) नियुक्त किया गया है।

खुफिया और साइबर शाखाओं में भी बदलाव

'पश्चिम बंगाल पुलिस आवासन एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड' के डीआईजी देबर्षि दत्ता को बिधाननगर का संयुक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। अधिसूचना में कोलकाता पुलिस की खुफिया और साइबर शाखाओं में भी बदलाव किए गए हैं। धृतिमान सरकार को मालदा सीआईडी का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि आरिश बिलाल को पश्चिम बंगाल सीआईडी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

 

यह भी पढ़ें: औरंगाबाद के जंगल में मिला 2.5 किलो का IED, सुरक्षाबलों को उड़ाने की थी तैयारी

 

वर्तमान में एसएपी की पहली बटालियन के कमांडिंग अधिकारी सौम्यदीप भट्टाचार्य को कोलकाता में साइबर-द्वितीय, पुलिस उपायुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है। कोलकाता प्रवर्तन शाखा उपायुक्त स्पर्शा नीलांगी का तबादला कर उन्हें कोलकाता के जासूसी विभाग में डीसीपी बनाया गया है। 

 

अधिसूचना के अनुसार, काजी शम्सुद्दीन अहमद को बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय के जासूसी विभाग का डीसीपी और कुंतल बनर्जी को बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय का डीसीपी नियुक्त किया गया है। अधिसूचना में कहा गया है कि ये आदेश अधिकारियों के नए पदों का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगे।