पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब स्कूल में शिक्षक ने 11वीं के छात्र को डांटा थे। इसके बाद 11वीं क्लास के छात्र के पिता स्कूल पहुंचे और अपने बेटे को डांटने के बजाय शिक्षक को ही बेल्ट से पीटा। उस दौरान छात्र के पिता को बाकी शिक्षकों ने मारने से रोका। पीड़ित शिक्षक ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
यह घटना गोपाल नगर के एक स्कूल की है। 25 अगस्त को छात्र क्लास में शरारत कर रहा था, तो शिक्षक ने उसे डांटा था। इसके बाद छात्र के पिता देबब्रता दास को स्कूल में बुलाया गया। जब देबब्रता दास स्कूल पहुंचे तो उनकी शिक्षक अरुण दास के साथ बहस हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर देबब्रता दास ने अरुण दास को बेल्ट से मारना शुरू कर दिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा था।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक की भूतनाल झील में मिली 6 लोगों की लाश, इलाके में मचा हड़कंप
शिक्षक ने छात्र को क्यों डांटा?
स्कूल के शिक्षक अरुण दास के मुताबिक, क्लास रूम में सभी छात्रों की रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया हो रही थी। उसी दौरान क्लास रूम में हंगामा होने लगा, तो अरुण दास क्लास रूम में छात्रों को शांत कराने के लिए आए थे। तब अरुण ने सभी छात्रों को डांट लगाई थी। जो छात्र सबसे ज्यादा अशांति फैला रहा था, उसके पिता को स्कूल में बुलाया गया।
छात्र के पिता देबब्रता दास स्कूल में पहुंचे थे। वह पहले अपने बेटे को ही डांट रहे थे। उसी दौरान देबब्रता और अरुण दास के बीच कहासुनी होने लगी। इसके बाद देबब्रता ने अपनी बेल्ट निकालकर अरुण दास को बेल्ट से मारा। इस घटना को लेकर पीड़ित अरुण दास ने बताया कि इस घटना से सिर्फ शारीरिक चोट नहीं लगी, बल्कि मानसिक आघात भी हुआ।
यह भी पढ़ें: 'तेजस्वी ही नहीं, सम्राट चौधरी भी 10वीं पास करके दिखाएं', प्रशांत किशोर का तंज
CCTV फुटेज में दिखा सच
पीड़ित अरुण दास ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने इस घटना का सीसीटीवी फुटेज देखा, जिसमें साफ नजर आया कि आरोपी ने शिक्षक पर बेल्ट से वार किया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी देबब्रता दास को हिरासत में लिया।
